भाजपा-शिवसेना में बढ़ीं दूरियां, सेना ने दिए अलग होने के संकेत

मुंबई। भाजपा व शिवसेना में बढ़ रही तल्खी के बीच शिवसेना ने सत्ता से अलग होने के संकेत दिए हैं। शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे भाजपा से नाराज हैं। वह अपनी पार्टी के मंत्रियों को सरकार से हटने का फरमान जारी कर सकते हैं। लेकिन भाजपा इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। भाजपा का दावा है कि शिवसेना केवल अपनी इमेज बचाने के लिए आक्रामक हुई है। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने शिवसेना के आगे न झुकने के निर्देश प्रदेश इकाई को दिए हैं।
पाकिस्तान के पूर्व मंत्री खुर्शीद कसूरी की पुस्तक के विमोचन को लेकर दोनों दलों में छिड़े घमासान ने गठबंधन के भविष्य पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे सरकार की साख भी प्रभावित हुई है। भाजपा नेताओं का कहना है कि शिवसेना विरोध के लिए हर बार पुरानी शैली पर चलते हुए आराजकता का रास्ता अपना रही है। इससे भाजपा की बदनामी हो रही है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने माना है कि स्याही प्रकरण से दुनिया भर में गलत संदेश गया है। इससे पहले आंबेडकर स्मारक के शिलान्यास के मौके पर भाजपा ने शिवसेना को हाशिए पर डालने की कोशिश की थी। इससे उद्धव नाराज हो गए। हालांकि भाजपा का दावा है कि उद्धव को निमंत्रण दिया गया था, लेकिन वे इस मौके पर ज्यादा महत्व चाहते थे। इसके लिए भाजपा तैयार नहीं थी। भाजपा के नेता मानते हैं कि मुंबई मनपा में शिवसेना के भ्रष्टाचार को सामने लाने के कारण मातोश्री में नाराजगी है। भाजपा नेताओं का दावा है कि दोनों दलों के गठबंधन में ‘तलाक’तो होना ही है, पर अभी नहीं। लेकिन इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुंबई मनपा चुनाव तक यह गठबंधन चल सकता है।
भाजपा ने शिवसेना की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर की गई तीखी टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताते हुए उसे गैरजरूरी व निरर्थक करार दिया है। पार्टी प्रवक्ता माधव भंडारी ने मंगलवार को कहा कि यदि महाराष्ट्र को समझने के लिए हमें ट्यूशन लगाने की जरूरत होगी तो हम उसके लिए भी तैयार हैं। लेकिन राष्ट्रभक्ति के मुद्दे पर किसी को हमें (भाजपा) प्रवचन देने की जरूरत नहीं है। राष्ट्रवाद का ध्येय लेकर ही लोग भाजपा से जुड़ते हैं। शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कहा था कि फडणवीस को महाराष्ट्र की समझ नहीं है। ‘यह छत्रपति शिवाजी का महाराष्ट्र है। देश पर हुए आक्रमणों के विरोध में लड़नेवाला महाराष्ट् को पहले महाराष्ट्र को जानना होगा।’
देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट
हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :
हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :
कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:
हमें ईमेल करें : [email protected]