कंदील बलोच का भाई गिरफ्तार, हत्या का अफसोस नहीं

baluchमुल्तान। पॉप्युलर सोशल मीडिया सिलेब्रिटी और पाकिस्तानी मॉडल 26 वर्षीय कंदील बलोच की हत्या करने वाले उसके भाई वसीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वसीम ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वसीम ने कहा कि उसने शान (ऑनर) के लिए कंदील को गला दबाकर मारा है।

हत्या के बाद से फरार चल रहे वसीम ने गिरफ्तारी के बाद कहा कि उसे अपनी बहन की हत्या करने का कोई अफसोस नहीं है। वसीम ने बताया कि पहले उसने कंदील को बेहोशी की दवा दी और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। कंदील के भाई का कहना है कि वह कंदील के फेसबुक पोस्ट और विवादित विडियोज से परेशान था। कुछ समय पहले वसीम ने फेसबुक और विडियो के जरिये भी कंदील को धमकी दी थी। तीन हफ्ते पहले कंदील ने पाकिस्तान के आंतरिक सुरक्षा मंत्री, संघीय जांच के महानिदेशक और इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की थी। उन्होंने मोबाइल फोन पर धमकियां मिलने की बात कहते हुए खुद को जान का खतरा बताया था। लेकिन पुलिस ने उन्हें कोई सुरक्षा नहीं दी। पाकिस्तानी चैनल ‘जियो न्यूज’ के मुताबिक कंदील देश से बाहर जाने का मन बना चुकी थीं लेकिन उनकी मांग पर पाकिस्तानी गृहमंत्रालय ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। जान को खतरा होने की वजह से कंदील ने ईद के बाद विदेश में बसने की योजना तक बना ली थी।
कंदील का असली नाम फौजिया अजीम था लेकिन मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखने के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर कंदील बलोच रख लिया था। पुलिस ने बताया कि कंदील को अपने ही परिवार से मॉडलिंग छोड़ने और सोशल मीडिया से हटने की धमकी मिली थी। हाल ही में उन्होंने मुफ्ती कावी के साथ एक विवादास्पद सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। इसमें वह मुफ्ती की टोपी अपने सिर पर लगाए दिखाई दे रही थीं। इसके बाद पाकिस्तान की रुइत-ए-हिलाल कमिटी ने मुफ्ती की सदस्यता निलंबित कर दी थी। उन्होने कई बार पूर्व क्रिकेटर और विपक्षी नेता इमरान खान के साथ शादी करने की इच्छा जताई थी।

कंदील अपने बोल्ड अंदाज और विवादों में रहने की वजह से अक्सर मीडिया में छाई रहती थीं। सोशल मीडिया पर अपनी गतिविधियों के कारण मशहूर कंदील के हजारों फॉलोअर थे। कंदील के मारे जाने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने इसे शर्मनाक कृत्य बताते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है। शुक्रवार को किए अपने आखिरी ट्वीट में कंदील ने लिखा था, ‘एक महिला के तौर पर हमें अपने लिए खड़ा होना चाहिए, एक-दूसरे के लिए खड़ा होना चाहिए।’

 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button