गीता कराची से रवाना: उसकी कहानी में 6 पाकिस्तानियों का सलमान-करीना जैसा रोल

geeta5कराची/नईदिल्ली। भटककर पाकिस्तान पहुंची बोलने-सुनने में लाचार भारतीय लड़की गीता की वतन वापसी की मुहिम सोमवार को पूरी होने जा रही है। गीता सुबह 8 बजे कराची से फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। 15 साल बाद गीता की वतन वापसी की कहानी ‘बजरंगी भाईजान’ मूवी से कम नहीं है। मूवी में जिस तरह ‘मुन्नी’ की 6 लोग मदद करते हैं, उसी तरह गीता की कहानी में भी कुछ लोगों का अहम रोल है। इनमें कोई ‘बजंरगी भाईजान’ के सलमान की तरह है, कोई उसकी जिंदगी की रसिका यानी करीना है तो किसी ने चांद नवाब (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) की तरह गीता की कहानी दूसरे मुल्क में उसके परिवार तक पहुंचाई।
भारतीय लड़की गीता की रियल लाइफ के कैरेक्टर्स ‘बजरंगी भाईजान’ की मुन्नी के रील लाइफ कैरेक्टर्स जैसे नजर हैं।dainikbhaskar.com से एक्सक्लूसिव बातचीत में खुद गीता और उसके पाकिस्तानी गार्जियन फैसल ईधी ने हमें उन 6 पाकिस्तानियों के बारे में बताया जिनके चलते गीता आज वतन लौट पा रही है।
कौन है गीता?
> गीता 15 साल से पाकिस्तान में है। गलती से बॉर्डर पार करने के बाद उसे पाकिस्तान के पंजाब में रेंजर्स ने पकड़ा था।
> रेंजर्स 15 साल पहले उसे लाहौर के ईधी फाउंडेशन में ले गए थे। बाद में कराची में इसी संगठन के एक शेल्टर होम में उसे भेज दिया गया।
> कराची में ‘मदर ऑफ पाकिस्तान’ के नाम से मशहूर बिलकिस ईधी ने इस लड़की का नाम गीता रखा।
जानिए, गीता की रियल लाइफ कहानी में कौन हैं बड़े किरदार?
1. रील लाइफ में : पवन कुमार चतुर्वेदी उर्फ बजरंगी (सलमान खान)
मूवी में रोल: मुन्नी को इंडिया से उसके देश पाकिस्तान पहुंचाने में लीड रोल।
गीता की रियल लाइफ में : फैसल ईधी, ईधी फाउंडेशन के चेयरमैन।
फैसल ईधी कहते हैं, ‘‘सालों से हम उसके परिवार या उसके शहर के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रहे थे, ताकि वह लौट सके। उसके जाने का हमें दुख है क्योंकि हमें उससे लगाव हो गया था। लेकिन खुशी भी है कि वह अपने परिवार के पास लौट रही है।”
2. रील लाइफ में : रसिका (करीना कपूर)
मूवी में रोल: मुन्नी का सबसे ज्यादा ख्याल रखा और उसे पाकिस्तान पहुंचाने के लिए बजरंगी को मोटिवेट किया।
गीता की रियल लाइफ में : फैसल की पत्नी बिलकिस ईधी ने। बिलकिस ने ही भटककर पाकिस्तान आई इस लड़की का नाम गीता रखा था।
3. रील लाइफ में : चांद नवाब (नवाजुद्दीन सिद्दीकी)
मूवी में रोल: पाकिस्तान में मुन्नी की स्टोरी सबसे पहले कवर करने वाला रिपोर्टर।
गीता की रियल लाइफ में : पाकिस्तानी जर्नलिस्ट हसन मंसूर। इन्होंने 8 अगस्त 2012 को सबसे पहले गीता का इंटरव्यू लिया था। इसके बाद ही इंडिया में गीता के संभावित परिवार की खोज हो पाई। दोनों देशों की हुकूमतें एक्टिव हुईं। गीता के इंडिया पहुंचने तक इस मामले को फॉलो किया।
4. रील लाइफ में : असलम खान की फैमिली
मूवी में रोल: मूवी में रसिका के घर के सामने रहने वाला मुस्लिम परिवार, जिसके यहां मुन्नी नॉनवेज खाने चली जाती है। वहीं, नमाज भी पढ़ती है।
गीता की रियल लाइफ में : कराची में रहने वाली डॉ. देविका और उनके पति। गीता अक्सर इनके घर में बने मंदिर में पूजा करने पहुंच जाती थी। इसे देखकर ही फैसल ने गीता के लिए भगवान की मूर्ति खरीदी थी।
5. रील लाइफ में : मौलाना साहब (ओम पुरी)
मूवी में रोल: मुन्नी को पाकिस्तान छोड़ने के दौरान पुलिस से बचाने के लिए मस्जिद में एक रात मुन्नी, बजरंगी और चांद नवाब को छुपाया था। अगली सुबह तीनों को अपनी गाड़ी से अगले डेस्टिनेशन तक पहुंचाया था।
गीता की रियल लाइफ में : कराची के स्वामीनारायण मंदिर के पुजारी बीर सीमल। इन्होंने गीता को पाकिस्तान में हुई कई दिक्कतों से बचाया था।
6. रील लाइफ में निगेटिव रोल : महाराजा टूर एंड ट्रैवल्स का ट्रैवल एजेंट (कुणाल पंडित)। वह मुन्नी को पाकिस्तान भेजने के लिए बजरंगी सबसे पहले इसी एजेंट के पास टिकट के पैसे जमा करता है। हालांकि वो मुन्नी को पाकिस्तान भेजने की बजाय बेचने चला जाता है।
गीता की रियल लाइफ में पॉजिटिव रोल : पोलानी ट्रैवल एजेंट। गीता की लाइफ में पोलानी ने उसे इंडिया भेजने में वीसा और टिकट से जुड़ी प्रोसेस पूरी करने में मदद की।
उधर, गांव में भाई-बहन कर रहे हैं गीता का इंतजार
बिहार के सहरसा जिले की गीता की वापसी का उसके पिता जनार्दन महतो दिल्ली में इंतजार कर रहे हैं। सहरसा में चिरैया ओपी के कबीरा धाप गांव में सुबह से रौनक है। गांव के लोग गीता के घर पर जुटे हैं। सबको एक ही आस है कि कब गीता गांव आएगी?
WHAT NEXT : गीता का होगा डीएनए टेस्ट
सहरसा के जनार्दन महतो के अलावा दो और परिवार गीता को अपनी बेटी बता रहे हैं। गीता बोल-सुन नहीं पाती। इसलिए वह अपनी बात ठीक से कह नहीं पा रही है। लिहाजा विदेश मंत्रालय ने डीएनए टेस्ट का फैसला किया है, ताकि गीता के असली माता-पिता की पहचान हो सके।
कैसे सामने आया गीता का मामला?
> भारत में गीता के वकील मोमिन मलिक ने dainikbhaskar.com को बताया- 18 फरवरी, 2007 को पानीपत में समझौता ब्लास्ट हुए था। जो लोग उसमें मरे थे, उनके मुआवजे का केस लड़ा था। पाकिस्तान के ऐसे कई लोग थे जो इस हादसे का शिकार हुए थे। इसलिए मुझे पाकिस्तान जाना पड़ता था। मेरे पास 2009 से मल्टीपल वीजा है। इसी दौरान मुझे गीता के बारे में पता चला।
वकील ने कहा– पाकिस्तान के सोशल एक्टिविस्ट अंसार बर्नी ने बताया कि एक भारतीय बच्ची यहां के एक फाउंडेशन में है, जो बोल नहीं सकती। इसके बाद 22 अक्टूबर, 2012 को अंसार बर्नी के भारत आने पर हमने ज्वॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उसी दिन गीता का मामला पहली बार उठा था। इस दौरान पंजाब के सोशल एक्टिविस्ट एचएस पवार भी मौजूद थे।
मलिक ने कहा– फिर हमने हमने एलान किया था कि जो आदमी भी गीता के बारे में बताएगा उसे एक लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसके बाद मैंने पाकिस्तान हाईकमीशन को गीता को लेकर लेटर भेजा था।
7 जनवरी, 2015 को हाईकमीशन से मिला और सोशल साइट पर गीता की स्टोरी डाल दी। फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ रिलीज होने के बाद 5 परिवारों ने संपर्क किया।
इससे पहले क्या हुआ?
> गीता के पाकिस्तान में होने की खबर उस वक्त आई थी, जब इस साल जुलाई में बॉलीवुड फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ रिलीज हुई थी। इस फिल्म में एक्टर सलमान खान एक ऐसी ही बच्ची को पाकिस्तान छोड़ कर आते हैं। मीडिया में इस बात को लेकर चर्चा चली थी कि क्या गीता को भी बजरंगी भाईजान मिलेगा?
> मीडिया में गीता की खबर आने के बाद भारत सरकार ने इसका नोटिस लिया था। विदेश मंत्रालय के आदेश पर इस्लामाबाद में इंडियन हाई कमीशन के अफसर गीता से मिलने कराची गए थे।
> विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पर्सनल लेवल पर यह मामला अपने हाथ में लिया था। उन्होंने गीता की वापसी कराने को लेकर कई ट्वीट किए थे। @AnsarBurney ने ट्वीट किया था, ‘‘@SushmaSwaraj भारत से पाकिस्तान में आई एक भारतीय लड़की की फैमिली को खोजने में मदद करें।” इसी ट्वीट के जवाब में सुषमा ने कहा था- ‘‘@AnsarBurney मैंने पाकिस्तान में इंडियन हाई कमिश्नर डॉ. टीसीए राघवन से बात की है। उन्हें कराची जाने के लिए कहा है, जहां वे उस लड़की से मिलेंगे।”
> ‘बजरंगी भाईजान’ के एक्टर सलमान खान ने भी गीता को भारत लाने की बात की थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि हम गीता को तभी भारत लाएं, जब उसे यहां बेहतर जिंदगी दे पाएं।
 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button