देश नहीं भूलेगा डॉ. कलाम को एयर मार्शल अर्जन सिंह की सलामी

arjan-singh2तहलका एक्सप्रेस ब्यूरो, नई दिल्ली। पालम एयरपोर्ट पर जब पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न एपीजे अब्दुल कलाम का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए लाया गया, तो उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों में देश के तमाम नेता लाइन में थे।
सेनाध्यक्ष भी कतार में फूल लिए खड़े थे। सबने डॉ. कलाम को आखिरी सलाम दिया। लेकिन, वहां मौजूद लोगों की नम निगाहें उस वक्त स्थिर हो गईं, जब सेना की पोशाक में 94 साल के भारतीय वायु सेना के इकलौते मार्शल अर्जन सिंह ने डॉ. कलाम को बाकायदा सलामी दी। व्हील चेयर पर चलने वाले अर्जन सिंह जब डॉ. कलाम को सलाम करने के लिए अपनी चेयर से उठ खड़े हुए, तो वहां मौजूद हर कोई गर्व से भर उठा।
अर्जन सिंह छड़ी के सहारे ‘स्लो स्टेप मार्च’ करते हुए पोडियम तक पहुंचे। उन्होंने तिरंगे में लिपटे डॉ. कलाम के ताबूत के पास फूल अर्पित किए और तनकर उन्हें सलामी दी। यह नजारा हमेशा के लिए देश की यादों और डॉ. कलाम के प्रति इज्जत की मिसाल के रूप में इतिहास के पन्नों के लिए कैद हो गया। हालांकि, इसके लिए एक जवान ने उनकी मदद जरूर की लेकिन जज्बा बेमिसाल था।


यह पुरानी तस्वीर बयां करती है मार्शल अर्जन सिंह और डॉ. कलाम की नजदीकियां…

बता दें कि अर्जन सिंह इंडियन एयर फोर्स के इकलौते मार्शल हैं। फील्ड मार्शल मानेकशॉ की ही तरह, वह भी 5 स्टार रैंक ऑफिसर हैं। भारत में अब तक सिर्फ तीन ही 5 स्टार रैंक ऑफिसर हुए हैं, जिनमें सिंह और मानेकशॉ के अलावा फील्ड मार्शल केएम करियप्पा का नाम भी शामिल है। ये तीनों ही ऐसे सेनानी हैं, जो कभी सेना से रिटायर नहीं हुए।
इसके पहले, सेना के खास विमान के जरिए शिलॉन्ग से दिल्ली लाए गए डॉ. कलाम के पार्थिव शरीर को तीनों सेना प्रमुखों, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति दिल्ली के सीएम और राज्यपाल समेत तमाम नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। दोपहर बाद डॉ. कलाम का पार्थिव शरीर 10, राजाजी मार्ग पर अंतिम दर्शन के लिए ले जाया गया। यहां डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। आम जनता ने भी पूर्व राष्ट्रपति को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान, पूरे देश में शोक की लहर रही। बता दें कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का अंतिम संस्कार रामेश्वरम में 30 जुलाई को 11.30 बजे मिलिट्री ऑनर के साथ किया जाएगा।

 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button