नाम में ‘श्रीमती’ जोड़ने पर भड़की सोनम किन्नर, नगर पालिका अध्यक्ष से मांगी पांच लाख की क्षतिपूर्ति

लखनऊ/सुल्तानपुर। नपा अध्यप पद की पूर्व प्रत्याशी एवं एक संस्था की अध्यक्ष सोनम चिश्ती किन्नर ने नगर पालिका अध्यक्ष पर मानहानि करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक मुकदमे में अपने नाम के आगे श्रीमती शब्द जोड़े जाने पर नगर पालिका अध्यक्ष से पांच लाख रूपये की क्षतिपूर्ति मांगी है। क्षतिपूर्ति की राशि नहीं मिलने पर सक्षम न्यायालय में केस दायर करने की चेतावनी दी है।

नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल ने गत चार जून को सोनम चिश्ती बनाम रेहाना के मुकदमे में पारित आदेश में सोनम के नाम के आगे श्रीमती शब्द जोड़ दिया है। सोनम ने इसे अपना अपमान बताते हुए गत सोमवार को डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई मांग की है।

मंगलवार को सोनम चिश्ती ने नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल को एक नोटिस भेजी है। आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष ने उनके नाम के आगे श्रीमती शब्द पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर सामाजिक एवं राजनीतिक छवि खराब करने के लिए अंकित किया है, जबकि उन्होंने आज तक किसी से भी विवाह नहीं किया है। उनका कहना है कि महिला का विवाह होने के बाद ही श्रीमती शब्द का संबोधन किया जाता है। किन्नर समाज की होने के कारण विधि व्यवस्था के अनुसार वे तृतीय जेंडर की श्रेणी में हैं।

उनका कहना है कि किन्नर समाज में किसी के नाम के आगे श्रीमती लिखना उसे अपमानित व प्रताड़ित करना माना जाता है। सोनम ने लीगल नोटिस में उल्लेख किया है कि नगर पालिका अध्यक्ष पद की उम्मीदवार होने के नाते चेयरमैन बबिता जायसवाल पूर्वाग्रह से ग्रसित हैं और चाहती हैं कि उनका राजनीतिक व सामाजिक भविष्य खराब हो। इससे उन्हें मानसिक व सामाजिक पीड़ा पहुंची है।

मुकदमा दर्ज करने की दी चेतावनी

सोनम किन्नर ने नपा चेयरमैन को नोटिस भेजकर 15 दिन में माफी मांगने और चार जून 2018 के आदेश में दर्ज श्रीमती शब्द को नहीं काटे जाने पर क्षतिपूर्ति के रूप में पांच लाख रूपये की मांग की है। उन्होंने चेयरमैन के खिलाफ कोर्ट में सिविल व फौजदारी मुकदमा दायर करने की चेतावनी दी है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने ये दिया जवाब
नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल के पति अजय जायसवाल ने कहा कि उनके नाम के आगे श्रीमती शब्द लिपिकीय त्रुटिवश अंकित हो गया है। वे स्वयं इस मामले को सार्वजनिक कर रही हैं।

 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Back to top button