बिहार में साथ बैठे ‘चार यार’, मोदी पर गिन-गिन कर वार

स्वाभिमान रैलीः नीतीश, सोनिया, लालू और शिवपाल यादव का मोदी पर तीखा हमला

स्वाभिमान रैलीः लालू ने खेला कास्ट कार्ड, कहा- बिहार में आएगा मंगल राज पार्ट टू

Sonia-on-one-stageतहलका एक्सप्रेस
पटना। बिहार में जेडीयू, आरजेडी, सपा और कांग्रेस के महागठबंधन की स्वाभिमान रैली हुई। रविवार को रैली में कांग्रेस प्रेसिडेंट सोनिया गांधी नीतीश कुमार और लालू प्रसाद के साथ नजर आईं। रैली में स्पीच शुरू करते ही आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद ने पीएम और मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा,”जब दो पिछड़ा जाति का बेटा एक हो गया तो बीजेपी परेशान हो गई है। क्यों नहीं सरकार जाति जनगणना की रिपोर्ट सामने लाती है। दो पिछड़ा का बेटा जब एक हो गए तो जंगल राज कहते हैं। मोदी को बताने आए हैं यह जंगल राज पार्ट टू नहीं बल्कि मंगल राज पार्ट टू है।”
नीतीश ने डीएनए पर दिया मोदी को जवाब
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने मोदी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ”मोदी सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। आज मन की बात में पीएम ने हार मान ली। जमीन बिल पर सरकार झुक गई है। आज खुशी का दिन है।” मोदी के डीएनए वाले बयान का जवाब देते हुए उन्होंने कहा,” मेरा डीएनए वही है, जो बिहार की माटी का है। मेरा DNA काम करने वाला, जुबान चलाने वाला नहीं।”
आरजेडी नेता ने सुशील मोदी को बताया लड़कियों का दलाल
इससे पहले, रैली को संबोधित करते हुए RJD के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता सुशील मोदी लड़कियों के दलाल हैं। उन्होंने हरियाणा के एक नेता के भाषण का हवाला देते हुए कहा, ”विधानसभा चुनाव के दौरान वहां के नेता ने कहा था कि अगर भाजपा की सरकार बन जाती है तो हरियाणा के लड़कों को कुंवारा नहीं रहना होगा। बिहार भाजपा के नेता सुशील मोदी से उनकी दोस्ती है। बिहार से लड़कियां मंगाकर वहां सबकी शादी करा दी जाएगी।”
LIVE UPDATES
3:55PM: लालू का भाषण समाप्त।
……………..
3:50PM: अभी क्या हालत है गुजरात का। सैकड़ों जान चली गई। कोई पटेल लड़का आंदोलन किया हुआ है। हिम्मत होती तो आज भागलपुर में रैली रखते। थोड़ा भी शर्म होगी तो रैली नहीं करेगी बीजेपी। बीजेपी- भारत जलाओ पार्टी है।
……………..
3:48PM: मेरी सात बेटी, दो बेटा, और हम दो कुल 11, अगर काला धन हम लोगों के अकाउंट में आता तो हम बैठ कर खाते रहते। कहां गया अच्छा दिन? शाह जी बोल दिया कि यह तो जुमला था। झूठ बोल के आए थे बिहार में। दाल, प्याज गायब हो गया तो बोलते हैं कि योगासन करो, सूर्यनमस्कार करो। चांदी-सोना हो गया सस्ता पर दाल-प्याज महंगा।
……………..
3:45PM: नीतीश को जब समर्थन किया। पटना में सुशील मोदी बैठता है। क्या बोलता है- जब से लालू यादव आए हैं। कानून व्यवस्था खराब हो रहा है। यदुवंशियों पर इशारा कर रहा है। भैंस चराने वाले पर संदेह कर रहा है। नरेंद्र मोदी कहते हैं विकास की गंगा बह रही है। मैडम का (सोनिया की ओर इशारा करते हुए) राज था। 84 साल बाद सोनिया जी ने जातीय जनगणना कराया। 4 जुलाई को बिहार बंद था। भारत के गांव में हर तीसरा परिवार भूमिहीन है। क्यों जाति नहीं बताई गई।
……………..
3:40PM: तुम बोलते हो जंगल राज पार्ट टू है, यह मंगल राज पार्ट टू है। 90 प्रतिशत लोग बिहार के हर कोने से आए हैं। दो पिछड़ा का बेटा जब एक हो गए तो जंगल राज कहते हैं। मोदी को बताने आए हैं। हमें जंगली कहते हो। लड़ाई साफ-साफ लड़ के तय कर देंगे।
……………..
3:35PM: लालू ने कहा- नीतीश कुमार ने बहादुरी दिखाई। मोकामा में नाखून नोंच-नोंच के मौत के घाट उतार दिया गया। रामविलास की पार्टी का एक नेता, जहानाबाद से है अरुण ने कहा कि अनंत पर आगे कार्रवाई हुई तो छाती तोड़ देंगे। यह नब्बे के पहले वाला बिहार नहीं है। यह नब्बे के बाद वाला बिहार है।
……………..
3:25PM: लालू ने शुरू की स्पीच। मोदी पर साधा निशाना
……………..
3:04PM: शरद यादव ने कहा- मोदी सरकार को जमीन बिल पर झुकना पड़ा। देश में केवल झूठ बोला जा रहा है।
……………..
3:00PM: शरद यादव ने शुरू की स्पीच।
……………..
2:55PM: नीतीश की स्पीच पूरी।
……………..
2:53PM: बिहार में जनवरी और जून के क्राइम की चर्चा पीएम ने तो कर दिया, लेकिन राजस्थान और अपने दूसरे राज्यों का जिक्र नहीं किया। राजस्थान में 47 पर्सेंट और मध्य प्रदेश के 49 पर्सेंट की वृद्धि दर पर क्या कहेंगे?
……………..
2:46PM: एक बात पीएम ने कह दिया। जनवरी की तुलना में जून में क्राइम बढ़ गया। हमने पूरे देश का आंकड़ा देखा। गर्मियों में अपराध ज्यादा होते हैं। पीएम ने ऐसे कहा कि बिहार इस मामले में अनूठा हो।
……………..
2:45PM: बिहार का नंबर 22वां आता है। आपका गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली का क्या हाल है? यहां किनका शासन है? किसके हाथ में कानून-व्यवस्था है? अब फैसला कर लीजिए, किसके हाथ में जंगल राज है और कहां मंगल राज है।
……………..
2:43PM: मैं भारत सरकार के नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताता हूं कि दिल्ली में 56 इंच वाले के नाक के नीचे अपराध हो रहे हैं। दिल्ली में अपराध का दर है 767.4
……………..
2:41PM: बिहार में कोई जंगलराज नहीं है। बिहार का गरीब-गुरबा जग गया है। ये सब हिटलर और उस गोएबेल्स के अनुयायी हैं, जो मानते हैं कि एक झूठ को बार-बार दोहराओ, सब कुछ सही लगने लगेगा। मैं मुख्यमंत्री हूं। आज हमारी सरकार चल रही है आरजेडी और कांग्रेस की समर्थन के बदौलत। आज तक किसी ने यह नहीं कहा कि फलां अपराधी को छोड़ दो।
……………..
2:39PM: बिहार में एक युवक की हत्या हो गई। पुलिस ने पूरी तहकीकात कर ली। छानबीन में जिन लोगों के नाम आए, उनको भी पकड़ा। प्रधानमंत्री जी जानिए, ठीक से पता लगा लीजिएगा, वे आपके ही लोग होंगे। जब कानून का पालन किया जाता है तो बीजेपी के ऑफिस में बैठे लोग सीएम की छाती तोड़ देने का एलान करते हैं। जो ऐसा कहते है उसे पीएम बिहार आने के बाद प्रिय मित्र बताते हैं।
……………..
2:37PM: लालू को देखते ही कहते हैं कि जंगलराज आएगा। राष्ट्रीय जनता दल का नामकरण करते हैं, रोजाना जंगलराज का डर। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि किस आधार पर जंगलराज कहा जा रहा है।
……………..
2:35PM: हमारे स्वाभिमान को ललकारा है। वो मुझे कहते हैं कि मैं अहंकारी हूं। मेरे रोम-रोम में स्वाभिमान है। मैं तो एक स्वतंत्रता सेनानी के परिवार में पैदा हुआ। हमारे डीएनए को वो लोग चुनौती देते हैं, जिनके परिवार का देश की आजादी में कोई योगदान नहीं है।
……………..
2:33PM: दुनिया के लोग जब जंगलों में भटक रहे थे तो लोग बिहार में नालंदा में ज्ञान लेने आए थे। आज जो देश के तिरंगे में चक्र है, वो इसी पाटलिपुत्र से निकला था। मेरा डीएनए वही है, जो बिहार की माटी का है। भगवान बुद्ध और महावीर की धरती है बिहार। चाणक्य और आर्यभट्ट की धरती है यह। अब ये कहते हैं कि इसका डीएनए खराब है। हमारा कोई अलग से डीएनए नहीं है।
……………..
2:31 PM: मेरे डीएनए को गड़बड़ कहा। मैं कौन हूं, मैं आपका हूं। आज बिहार के लोग अपना नाखून और बाल काटकर डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल इकट्ठा कर रहे हैं। ये सैंपल पीएमओ को भेजा जाएगा। चुनाव से पहले 125 लाख करोड़ रुपए का पैकेज का एलान किया। सब पुराना है। रिपैकेजिंग कर रहे हैं। बाद में कह देंगे कि जुमला है। जनधन खाते का खूब ढिंढोरा पीटा जा रहा है। आधे से ज्यादा खाते निष्क्रिय हैं। कहा था, हर गरीब को पंद्रह से 20 लाख मिलेगा। अरे 15 से 20 हजार डलवाकर बोहनी तो करवा देते।
……………..
2:30 PM: सरकारी कर्मचारियों को भी धोखा दिया। अपने कार्यकाल का एक चौथाई हिस्सा समाप्त कर चुके, एक वादे को नहीं निभाया। कहा था कि नौकरी मिली। एक करोड़ युवाओं को नौकरी मिलेगी। क्या नौकरी मिली? जो वादे किया, वो पूरा नहीं किया। कहा काला धन मिलेगा। कहा कि हर आदमी को ऐसे ही पंद्रह से बीस लाख रुपए मिल जाएंगे। लोगों ने सोचा एक बार फूल पर बटन दबा दो, सारा पैसा ऐसा ही मिल जाएगा।
……………..
2:29 PM: चुनाव के वक्त मोदी को बिहार की याद आई।14 महीने तक सरकार की याद नहीं आई। अब कहने लगे कि बिहार का समर्थन किया। यहां के लोगों ने झांसे में पड़कर आपका समर्थन कर दिया। जब हम यहां के लिए निकल रहे थे तो मोदी जी मन की बात कर रहे थे। यह उनके मन की बात नहीं, देश की जनता की जीत थी। पीएम को झुकना पड़ा है। यह जो किसान विरोधी भूमि अध्यादेश लाया था, तीन-तीन बार जारी किया। संसद में समर्थन नहीं मिला। थककर लोगों के सामने झुकना पड़ा। यह खुशी का दिन है। गए थे बिहार को ललकारने। आज घुटने टेकने पड़े। जो कानून पहले लाया गया था, वह प्रगतिशील है। सत्ता में आने के बाद आने इसे कमजोर करने की कोशिश की गई।
……………..
2:27 PM: नीतीश ने कहा- मोदी सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया।
……………..
2:25 PM: बिहार के सीएम नीतीश कुमार की स्पीच शुरू।
……………..
2:22 PM: सोनिया गांधी की स्पीच समाप्त।
……………..
2:21 PM: पहले पाकिस्तान पर पीएम मोदी खूब बढ़चढ़ कर भाषण देते थे। आज जब बॉर्डर पर हमारे जवान शहीद हो रहे हैं। हमारे लोग मारे जा रहे हैं। हम सब जानना चाहते हैं कि उनकी क्या नीति है? भ्रष्टाचार के मामले चाहे व्यापमं हो, मोदी गेट हो, मोदी ने मौन व्रत धारण कर रखा है।

……………..

2:15 PM: महंगाई बढ़ती जा रही है। रुपए की कीमत बढ़ती जा रही है। आज से दो साल पहले बीजेपी के नेता ने कहा था कि रुपए ने अपनी कीमत खोई और पीएम ने अपनी गरिमा खोई। मैं पूछना चाहती हूं कि क्या पीएम मोदी ने गरिमा नहीं खोई?
……………..
2:10 PM: मोदी ने हर साल एक करोड़ लोगों को नौकरी देने का वादा किया। उस वादे का क्या हुआ? नौकरी देना तो अलग है, इन्होंने केंद्र की नौकरियों में पाबंदी लगा दी। इन्होंने व्यापमं घोटाले करके लाखों नौजवानों का भविष्य बर्बाद किया है। कुछ लोगों ने शोर शराबे के अलावा कुछ नहीं किया। आप मुझे ज्यादा जानते हैं। मनरेगा में कटौती से भारी संख्या में लोग बेरोजगार हुए हैं। महिलाओं और बच्चों के कल्याण की योजनाओं में भारी कटौती की गई है।
……………..
2:09 PM: सोनिया ने कहा- गरीबों के हक के लिए हमने संसद में लड़ाई लड़ी और आखिर में सरकार को झुकना पड़ा। मोदी सरकार किसान विरोध सरकार है, जो किसानेां की जमीन छीनकर चंद अमीर दोस्तों को बांटना चाहती है।
……………..
2:07 PM: सोनिया ने स्पीच शुरू करते ही मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ”कुछ लोगों को बिहार को नीचा दिखाने में काफी मजा आता है।”
……………..
2:03 PM: स्वाभिमान रैली में कांग्रेस प्रेसिडेंट सोनिया गांधी की स्पीच शुरू।
……………..
2:00 PM: बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने कहा- महागठबंधन की रैली में सभी अपने मतलब से पहुंचे हैं। इसलिए इस गठबंधन का कोई महत्व नहीं है।
……………..
1:55 PM: शिवपाल ने कहा- जब मैं लखनऊ से पटना के लिए निकल रहा था तक नेताजी (मुलायम) ने सिर्फ एक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन को मजबूत बना कर आना। मैं यहां गठबंधन को मजबूत करने आया हूं।
……………..
1:52 PM: पटना की स्वाभिमान रैली में यूपी के कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने कहा- बिहार वीरों की धरती है, बिहार की धरती ने बड़े-बड़े संत दिए।
……………..
1:45 PM: रैली के कारण पटना की सड़कों पर ट्रैफिक जाम। रैली में पैदल जाते हुए नजर आए जेडीयू के जनरल सेक्रेटरी केसी त्यागी।
……………..
1:40 PM: बीजेपी स्पोकपर्सन संबित पात्रा ने कहा- सोनिया, लालू, नीतीश और राबड़ी सब एक मंच पर। यह विकास नहीं विनाश का मंच है।
……………..
1:30 PM: एक चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, गांधी मैदान में जुटी करीब डेढ़ लाख लोगों की भीड़।
……………..
1:20 PM: सोनिया गांधी मंच पर पहुंचीं। सोनिया के साथ कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद भी मौजूद।
……………..
1:10 PM: पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। कहा- बिहारियों को रोज रोज गाली देने वालों को भगाना है।
……………..
1:10 PM: आरजेडी नेता प्रभुनाथ ने सुशील मोदी को कहा लड़कियों का दलाल।
……………..
1:00 PM: कुछ समर्थक बेकाबू हुए। बैरीकेडिंग तोड़कर मीडिया गैलरी तक पहुंचे।
………………
12:55 PM: सोनिया गांधी पटना एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां से गांधी मैदान के लिए हुईं रवाना।
………………
12:45 PM: मीरा कुमार ने साधा बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना। कहा-गुजरात में जो तरक्की होती है उसमें बिहार का योगदान होता है।
………………
12:30 PM: मंच पर भाषण देने के लिए पहुंचीं पूर्व स्पीकर और कांग्रेस लीडर मीरा कुमार।
………………
12:20 PM: नीतीश कुमार और लालू यादव के साथ राबड़ी देवी, पूर्व स्पीकर और कांग्रेसी नेता मीरा कुमार, जेडीयू नेता शरद यादव और कई नेता मौजूद।
………………
12:15 PM: नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव गांधी मैदान पहुंचे। लालू के साथ शिवपाल यादव भी मौजूद।
………………………………
मुलायम ने क्यों बनाई दूरी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुलायम पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर अपने सॉफ्ट स्टैंड से समझौता नहीं करना चाहते हैं। एक सूत्र ने बताया, ”दिल्ली में गुरुवार को मुलायम पीएम से मिले थे। इसके बाद से ही वे पटना रैली से दूर रहने के बारे में सोच रहे हैं। मुलायम संसद में कई मुद्दों पर कांग्रेस के खिलाफ रहे हैं। ऐसे में वह सोनिया के साथ मंच साझा कर मोदी से अपने रिश्तों को खराब नहीं करना चाहते हैं।”
राहुल ने किया किनारा
‘स्वाभिमान रैली’ में कांग्रेस प्रेसिडेंट सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार और लालू यादव के साथ मंच साझा करने का फैसला किया। हालांकि, नीतीश चाहते थे कि रैली में कांग्रेस वाइस प्रेसिडेंट राहुल गांधी भी आएं। राहुल इनकार कर चुके हैं। वह चारा घोटाला केस में सजा पा चुके लालू प्रसाद के साथ मंच साझा नहीं करना चाहते थे।
होर्डिंग्स में उड़ाया गया लालू-नीतीश का मजाक
शहर में बीजेपी के कुछ होर्डिंग्स लगाए गए, जिसमें दोनों नेताओं का मजाक उड़ाया गया है। ये होर्डिंग जानबूझ वहीं लगाए गए हैं, जहां नीतीश और लालू के होर्डिंग लगे हैं। गांधी मैदान के करीब लगे नीतीश के एक होर्डिंग में लिखा है, ”बिहार में बहार हो, नीतीशे कुमार हो।” इसके ठीक नीचे, बीजेपी के होर्डिंग में लिखा है, ”कल तक के जानी दुश्मन अब सत्ता के यार हैं। हां भैया, बिहार में बहार है।” इसके अलावा, कुछ अन्य होर्डिंग्स में नौकरियों के लिए युवाओं के दूसरे राज्यों का रुख करने, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, हेल्थ सर्विसेज की खराब होती स्थिति को लेकर भी नीतीश सरकार पर निशाना साधा गया है।
पीएम पर बरसी जेडीयू
राजनीतिक तौर पर यह रैली जेडीयू और आरजेडी के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। दोनों पार्टियां इसे एनडीए और पीएम नरेंद्र मोदी के ‘घमंड’ का जवाब बता रही हैं। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि रैली में रिकॉर्ड संख्या में जुटे लोग मोदी के सीएम नीतीश कुमार के डीएनए पर सवाल उठाए जाने का जवाब देंगे। प्रधानमंत्री ने बिहार को बीमारू और याचक कहा है, जनता उन्हें चुनाव में जवाब देगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए। रैली के लिए दो मंच बनाए गए। मुख्य मंच पर दो बड़े टीवी स्क्रीन लगाए गए। मुख्य मंच के बगल में एक और मंच बनाया गया, जिसपर पार्टी के अन्य नेताओं के बैठने का इंतजाम किया गया।
गर्मी से छूटे लोगों के पसीने
रैली में जुटे लोगों के गर्मी से पसीने छूट रहे हैं। गांधी मैदान में जगह-जगह पर पीने के पानी का इंतजाम किया गया। पानी के टैंकरों के पास बड़ी संख्या में भीड़ जुटी। धूप से बचने के लिए लोगों ने पार्टी का झंडा ओढ़ लिया।
जानिए रैली में क्या-क्या बोले ये नेता…

मोदी ने शोबाजी के अलावा और कुछ नहीं किया : सोनिया
सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवंटन में कटौती करने का काम किया और ‘शोबाजी’ के अलावा और कुछ नहीं किया। स्वाभिमान रैली को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा, ‘मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल का एक चौथाई समय पूरा कर लिया। अब तक शोबाजी के अलावा कुछ नहीं किया। उसने कुछ नहीं किया। आप मुझसे बेहतर जानते हैं।’

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने एक करोड़ लोगों को रोजगार देने के वादे को पूरा नहीं किया, बल्कि सरकारी नौकरियों में रोजगार के अवसरों को सीमित कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के कोष में आवंटन में काफी काटौती की गई है। डीएनए टिप्पणी के लिए मोदी पर निशाना साधते हुए सोनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार का अपमान किया है और लोगों को गलत रूप में पेश किया है। उन्होंने कहा, ‘कुछ लोगों को बिहार का मजाक उड़ाने में आनंद आता है। जब भी उन्हें मौका मिलता है, वे बिहार के डीएनए और संस्कृति के बारे में टिप्पणी करते हैं। वे इसे बीमारू भी बताते हैं।’ सोनिया ने कहा कि व्यापम, ललित मोदी मसले पर मोदी सरकार मौन व्रत का रास्ता अपना रही है।

लालू ने की मोदी की मिमिक्री, शाह के मोटापे का उड़ाया मजाक
रैली में मोदी पर सबसे तीखा और चुटीला हमला आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने किया। बिहार के पूर्व सीएम ने कहा, ‘बीजेपी वाले जंगल राज पार्ट 2 कहते हैं। हम सोशल जस्टिस की राजनीति करते हैं तो इसे जंगल राज दिखता है। अरे यह मंडल राज पार्ट 2 है।’ लालू ने कहा कि उन्हें बेल कैंसल करा जेल भेजने की धमकी दी जा रही है, लेकिन लालू जेल चला भी गया तो मोदी जीतने वाले नहीं है। लालू ने अपने भाषण में बीजेपी महासचिव अमित शाह के मोटापे का एक बार फिर मजाक उड़ाया। लालू ने कहा, ‘अमित शाह बिहार में आए तो अपने मोटे पेट के कारण लिफ्ट में ही अटक गए।’ अपने भाषण के दौरान वह पीएम मोदी की मिमिक्री भी करते नजर आए।

छाती तुड़वाने वाले को ‘प्रिय मित्र’ कहते हैं मोदी: नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए शुरूआत की। वह बोले कि बीजेपी के दफ्तर में तीनों पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ऐलान करते हैं कि मेरी छाती तोड़ देंगे और जब सामने आते हैं तो प्रिय मित्र कहकर संबोधित करते हैं। नीतीश कुमार ने आगे कहा कि पीएम मोदी चले थे बिहार को ललकारने, आज घुटने टेकने पड़े। जनता की ताकत के सामने कोई नहीं टिक सकता। इसी के साथ नीतीश ने कहा कि प्रधानमंत्री को 14 महीने बाद चुनाव के वक्त बिहार की याद आई।

मोदी का जादू फेलः शिवपाल यादव
वहीं समाजवादी पार्टी के महासचिव ने भी मोदी पर हमला जारी रख कहा, ‘मोदी जी का जादू फेल हो चुका है। जादू बहुत लंबा नहीं चलता है।’ उन्होंने पीएम मोदी के विदेशी दौरों पर भी सवाल उठाए। यादव ने कहा, ‘मोदी विदेश दौरों पर जाते हैं, लेकिन इससे देश को हासिल क्या हुआ है।’

 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button