मोदी का नीतीश पर हमला, सारे देश के तांत्रिक भी नहीं बचा सकते हार

lalu namoगोपालगंज। पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनावों के चौथे चरण के लिए शुक्रवार को लालू प्रसाद के गृहजनपद गोपालगंज में रैली की। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन के सभी दलों पर हमला बोला। मोदी का कहना था कि महागठबंधन का लोगों पर विश्वास नहीं रहा तो अब तंत्र-मंत्र का सहारा ले रहे हैं। मोदी ने इस दौरान बिहार में पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा किए गए करीब तीन दर्जन घोटाले भी गिनाए। जानिए क्या कहा उन्होंने इस दौरान-

1- अनाप-शनाप भाषाएं बोली जा रही हैं। डिक्शनरी तो खाली हो गई है, लेकिन रोज नई गालियां गढ़ी जा रही हैं।

2- 35 साल तक यहां, 60 साल तक केंद्र में जिन्होंने सरकार चलाई है, सब उन्हीं का किया धरा है। फिर भी महास्वार्थबंधन के लोग चुनाव में आपा क्यों खो रहे हैं, निम्न स्तर की भाषा पर क्यों उतर आए हैं?

3- मोदी ने किसी का बुरा नहीं किया, बस वे आपका मोदी से प्रेम पचा नहीं पा रहे हैं। आपका प्यार बढ़ता है, उनकी गालियां बढ़ती जाती हैं। एनडीए की रैली जितनी सफल होती है, उतनी गालियां बढ़ती जाती हैं।

4- नीतीश बाबू, मोदी को गाली देकर थक गए तो बिहारियों को गाली दे रहे हो। बिहारियों का अपमान आपको महंगा पड़ जाएगा। गरीब और भिखारी भी बिकाऊ होने की बात सहन नहीं करेगा। मोदी की रैली में आने वालों को बिकाऊ कह रहे हो।

5- गोपालगंज लालू जी का गृहजिला, पर इसे मिला क्या? जंगलराज में इसे मिनी चंबल बना दिया था। रेलवे स्टेशन पर खुलेआम गोलियां चलती थीं, माताओं-बहनों को उठा लेते थे। अपहरण का कारोबार होता था।

6- गोपालगंज के लोगों को सऊदी अरब में मजदूरी करने के लिए मजबूर किसने किया, बिहारियों को बाहरी किसने बनाया?

7- जेल गए तो पत्नी को गद्दी सौंप कर गए, अब फिर से जेल जाने वाले हैं तो बेटों को तैयार कर रहे हैं। क्या बिहार को ऐसे लोगों के हाथों में देना चाहिए?

8- मुझ पर भरोसा करिए, मैं बिहार को भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार से मुक्त करा दूंगा। 16 महीने से मेरे खिलाफ कोई शिकायत आई है? मुझे गाली देते हैं, पर मेरे खिलाफ कोई आरोप नहीं लगा सकते हैं।

9- नीतीश बाबू के साथी कैमरे पर पैसे लेते हुए पकड़े गए। पर उन्हें कोई शर्म नहीं है। नीतीश बाबू ने कहा था मिल्कियत जब्त कर लेंगे, उसके घर में स्कूल खोलेंगे। लालू जी को तो भ्रष्टाचार में सजा हुई है, उनके घर में स्कूल खोल दिया क्या?

10- मैं नई पीढ़ी के लोगों को इनके घोटालों की याद दिला दूं। इन्होंने दवाई खरीद, ट्रांसफॉर्मर खरीद, एस्टीमेट, इंजिनियरिंग कॉलेज नॉमिनेशन, खाद सब्सिडी, मस्टररोल, राशन, व्याख्याता नियुक्ति, शराब, सिपाही नियुक्ति, नलकूप, इंदिरा आवास, मनरेगा, शौचालय, कोसी चैनल निर्माण, मिड-डे-मील, आंगनवाड़ी, कुलपति नियुक्ति, पथ निर्माण, पुल निर्माण, शिक्षा अभियान, टेक्स्ट बुक छपाई, कंबल खरीद, परिवहन, वायरलेस बैटरी, बिहाड़ा जमीन, बुद्ध स्मृति पार्क निर्माण, चावल, रेलवे और चारा घोटाला किया है। क्या इन्हें नए घोटालों की इजाजत मिलनी चाहिए?

11- ये लोग पुराने दिन मांगते हैं, दलितों पर अत्याचारों, अपहरणों के पुराने दिन वापस चाहिए क्या? फिर से चंबल बनने देना है क्या?

12- मेरा तीन सूत्री कार्यक्रम है- पढ़ाई, कमाई, दवाई।

13- पूरे देश के तांत्रिकों को जमा कर लीजिए, पर जीत नहीं पाओगे।

 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button