मोदी ने कहा- आपके सपने को पूरा करने के लिए हर जुल्म सहता रहूंगा

मोदी ने नहीं किया वन रैंक-वन पेंशन का एलान, कहा- बातचीत कर रहे हैं

modi-live4तहलका एक्सप्रेस, नई दिल्ली। देश आज 69वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लाल किले से दूसरी बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पीएम मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए देश को आजादी की बधाई दी। मोदी ने कहा- सवा सौ करोड़ देशवासी ही टीम इंडिया हैं। ये ही देश को आगे बढ़ा रहे हैं। 15 महीने पहले दिल्ली में आपने जो सरकार बैठाई, उस पर एक नए पैसे के भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है। आपने जिस सपने के लिए हमें बैठाया, उसे पूरा करने के लिए हर जुल्म सहता रहूंगा। हर अवरोधों का सामना करूंगा।
अब तक क्या बोले पीएम?
– पिछले दिनों हमारे देश के अनेक गणमान्य नागरिकों ने, अनेक युवकों ने, साहित्यकारों, समाजसेवियों ने, बेटा-बेटी सबने भारत का माथा ऊंचा करने का अभिनंदनीय कार्य किया है। अनगिनत लोग हैं जिनको आज लालकिले की प्राचीर से दिल से शुभकामनाएं देता हूं।- दुनिया के सामने भारत की विशालता, विविधता के गुणगान होते रहे हैं। लेकिन जैसे भारत की अनेक विशेषताएं, विविधताएं, भारत की विशालता है, वैसे ही भारत के जन-जन में सरलता भी है। यही हमारी पूंजी है, राष्ट्रीय शक्ति है। हमारे देश की शक्ति को सदियों से संजोया गया है। हर युग में निखार देने का प्रयास हुआ है। समय की मांग के अनुसार उन्होंने ढाला गया है, पनपाया गया है। उसे चीर पुरातन परंपराओं के बीच नित्य नूनत संकल्पों के साथ यहां पहुंचा है।

– हमारी एकता-हमारी सरलता, भाईचारा, सद्भाव बहुत बड़ी पूंजी है। इस पूंजी पर कभी दाग नहीं लगनी चाहिए, कभी चोट नहीं पहुंचनी चाहिए। अगर देश की एकता बिखर जाए तो सपने चूर-चूर हो जाएंगे। चाहे जातिवाद का जहर हो, साम्प्रदायवाद का जुनून हो तो वह उसे पनपने नहीं देता है। हमें इसे रोकना है।

– देश टीम इंडिया की तरह आगे बढ़ रहा है। सवा सौ करोड़ देशवासी टीम बनकर विकास में लगे हैं। ये राष्ट्र को बढ़ाते हैं, बचाते हैं। हम जहां पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं, वह सवा सौ करोड़ की टीम इंडिया के कारण है। हम टीम इंडिया के आभारी हैं।- लोकतंत्र में जनभागीदारी सबसे बड़ी पूंजी होती है। अगर हम देश को सवा सौ करोड़ देशवासियों की भागीदारी से चलाएंगे तो देश हर पल सवा सौ करोड़ कदम आगे चलेगा। टीम इंडिया के इस रूप को बल दिया गया है। mygov.in, लाखों पत्र, मन की बात, नागरिकों के साथ संवाद से दिनों-दिन जनभागीदारी बढ़ती हा जा रही है। बहुत बड़ी मात्रा में हमें दूर-दराज गांवों में बैठे लोगों के सुझाव मिल रहे हैं।

– प्यारे देशवासियो! यह निश्चित है कि इस टीम इंडिया का एक ही जनादेश है। वह है- हमारी सारी व्यवस्थाएं और योजनाएं जो देश के गरीब के काम आनी चाहिए। अगर हम गरीब से गरीबी की मुक्ति की लड़ाई में बल प्रदान करते हैं अच्छा होगा। देश का कोई गरीब गरीबी में गुजारा नहीं करना चाहेगा। वह गरीबी से जंग चाहता है। शासन व्यवस्था की सार्थकता इस बात में है कि हमारी योजनाएं गरीबों के कल्याण के लिए हों।
– जब 15 अगस्त को मैंने अपने विचार रखे थे तब मैं नया था। जो शुरू में देखा था वह बिना लाग-लपेट के देशवासियों के सामने रख दिया था। एक वर्ष के बाद उसी लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि टीम इंडिया, सवा सौ करोड़ देशवासी, एक नए विश्वास, सामर्थ्य के साथ और परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए समय सीमा में सपनों को साकार करने में जुट गए हैं। विश्वास का नया माहौल पैदा हुआ है।
– मैंने पिछले 15 अगस्त को पीएम जनधन योजना की घोषणा की थी। देश में 60 साल बीते। गरीबों के लिए बैंकों का राष्ट्रीयकरण हुआ। फिर भी पिछले 15 अगस्त को 40% लोग बैंक खातों से वंचित थे। गरीब के लिए बैंकों के दरवाजे बंद थे। हमने संकल्प किया। इस कलंक को मिटाना है। विश्व में financial inclusion को मजबूत धरातल पर लाना है तो देश के गरीब से गरीब व्यक्ति को आर्थिक मुख्य धारा में जोड़ना होगा। बैंक अकाउंट उसका एक प्रारंभिक बिंदु है।
– करेंगे, करते हैं, सोचते हैं, ऐसा नहीं है। हमने कहा था 26 जनवरी को जब देश तिरंगे के सामने खड़ा होगा और तब तक काम पूरा होगा। मेरे देशवासियो! मैं गर्व से कहता हूं, हमने समय-सीमा में काम पूरा किया। 17 करोड़ लोगों ने पीएम जनधन योजना के तहत खाते खुलवाए। हमने तो कहा था गरीब को अवसर देना है। एक रुपए के बिना भी खाता खोलने की बात थी। इसलिए जीरो बैलेंस अकाउंट खोलने का संकल्प था। मैंने देश के अमीरों को देखा है। इस बार देश ने गरीबों की अमीरी को देखा। मैं इन गरीबों की अमीरों को सलाम करना चाहता हूं। जीरो बैंलेंस अकाउंट खोलने के बावजूद 20 हजार करोड़ रुपए जमा किए गए।
– विकास नापने की पट्टी यही रही है कि बैंक की ब्रांच खुलने पर जय-जय हो जाती है। केवल शाखा खोलना मुश्किल काम नहीं है। सरकारी तिजोरी से यह काम हो जाता है। 17 करोड़ देशवासियों को बैंक के दरवाजे तक लाना बहुत कठिन होता है। टीम इंडिया के महत्वपूर्ण साथी, बैंक कर्मचारियों का दिल से अभिनंदन करता हूं, यह चीज आने वाले दिनों में बहुत बड़ा बदलाव लाने वाली है।
– ये financial inclusion अच्छा नहीं होता। गरीबी का बोझ अर्थ व्यवस्था पर पड़ता है, पर मैं इससे सहमत नहीं हूं। यह गरीब मजबूत है तो विकास का पिरामिड मजबूत होगा। इस पिरामिड में दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित बैठा हुआ। इसे मजबूत करना है। अगर आर्थिक मजबूती होगी तो उनकी खरीद शक्ति बढ़ेगी और वह देश को ऊंचाइयों पर ले जाएगा। हमने सामाजिक सुरक्षा, गरीबों की भलाई, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीएम जीवन ज्योति योजना से इस पर बल दिया है। देश में करोड़ों-करोड़ लोग हैं जिन्हें सुरक्षा कवच नहीं है। हमने योजना बनाई एक महीने का एक रुपए। 12 महीने में 12 रुपए में आप पीएम सुरक्षा योजना के हिस्सेदार बन जाइए और आपदा के समय 2 लाख रुपया मिलेगा।
– परिवार के स्वास्थ्य के लिए दो लाख रुपए का बीमा 90 पैसे पर किया। कौन-सी सरकार घोषणा नहीं करती, उद्धाटन नहीं करती हो लेकिन कसौटी इस बात की होती है कि हम वादों को पूरा करते हैं या नहीं। हमने नए वर्क कल्चर पर दबाव डाला है। हमारे देश की कई योजनाएं हैं जो 40-50 साल पुरानी हैं। वे पांच-सात करोड़ लोग से आगे नहीं पहुंच पाई। 100 दिन में ही 10 करोड़ नागरिकों ने इसका लाभ लिया। मतलब दस करोड़ परिवार। 30-35 करोड़ में से 10 करोड़ परिवार इस योजना में शरीक हो गए हैं। हमारी सरकार की, टीम इंडिया की पिछले एक साल की विशेषता है। सबसे बड़ा काम है समय सीमा में निर्धारित कामों को पूरा करना जो हमने किया है।
– पिछली बार भी लाल किले से शौचालय की बात की थी। देश को पहले घंटे-दो घंटे यह अजूबा लगा कि यह व्यक्ति लाल किले से शौचालय बनाने में समय खपा रहा है। टीम इंडिया की सबसे महत्वपूर्ण, जन-जन को छूने वाली बात जो है वह शौचालय की बात है। स्वच्छ भारत के अभियान को ताकत कहां से मिली? करोड़ों परिवार हैं जिनमें परिवार में 5-10-15 साल के बच्चे स्वच्छ भारत अभियान के सबसे बड़े अंबेसडर बने। वे मां-बाप को रोकते हैं। बच्चे उन्हें गंदगी फैलाने से रोकते हैं।
– महात्मा गांधी की 150 वीं जंयती पर स्वच्छ भारत को अर्पित करना है। अभी तो काम शुरू हुआ है। लेकिन मुझे आगे बढ़ाना है, इसे रोकना नहीं है। मैंने ट्रायल के लिए एक कार्यक्रम घोषित किया था। बिना किसी जानकारी प्राप्त किए। मैंने कहा था कि अगले 15 अगस्त तक स्कूलों में लड़के-लड़कियों के लिए अलग शौचालय बना देंगे। जब काम शुरू किया तो ध्यान में आया 2 लाख 62 हजार स्कूलों में सवा चार लाख से ज्यादा शौचालय बनाने होंगे। कोई भी सरकार इसके लिए पैसा बढ़ा देती। पर टीम इंडिया का संकल्प देखिए। आज 15 अगस्त को मैं अभिनंदन रखा, तिरंगे का सम्मान किया और इस सपने को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, करीब-करीब सारे शौचालय बनाने में सफलता पाई है। इसके लिए राज्य सरकार, नीति निर्धारक, जिला इकाई में बैठे लोगों को बधाई देता हूं। इस माहौल में ये आत्म विश्वास पैदा कर सकता है। हम भी कुछ कम नहीं हैं। टीम इंडिया पीछे नहीं हट सकती। राष्ट्र चलता है आत्मविश्वास, नए संकल्पों को पूरा कर, नए सपनों को संजोकर।
– हम कहीं बंद नहीं हो सकते। हमने निरंतर आगे बढ़ना होता है। हमने योजना बनाई श्रममेव जयते। श्रमिकों को देखने का रवैया सही नहीं है। जिनके कारण हम अच्छे दिखते हैं, जिनके कारण अच्छा काम होता है, उनसे बड़ा कोई काम नहीं होता है। श्रमिकों का सम्मान, गौरव हमारा राष्ट्रीय स्वभाव होना चाहिए।
– गरीब आदमी 6-8 महीने, फिर साल दो साल बाद कहीं और नौकरी को चला जाता है। पूंजी भी कम होती है तो निकालने नहीं जाता। इस कारण पसीने की कमाई हिस्सा सरकार की तिजोरी में सड़ रहा था। हमने उपाय खोजा और स्पेशल पहचान (पीएफ का यूनिक नंबर) दी। आपका तबादला कहीं भी हो, नंबर साथ रहेगा और रुपए भी आपके साथ होंगे। 27 हजार करोड़ रुपए वापस देने की दिशा में कदम उठाया।
– देश में फैशन हो गया है, कानून बनाने का। न्यायलयों को बिजी रखे रहो। ताकि कन्फ्यूजन क्रिएट करने का काम चलता रहे। गुड गवर्नेंस के लिए यह अच्छी निशानी नहीं है।
– करप्शन को लेकर बहुत बातें हुईं। बीमार व्यक्ति भी दूसरे को इसकी सलाह देते हैं कि दूसरे को कैसे ठीक रहना है? जो इसमें लिप्त हैं, वे भी सलाह देत हैं। मैंने घोषणा नहीं की पर आज हिसाब देता हूं। यह देश करप्शन से मुक्त हो सकता है। अनुभव के आधार पर कह रहा हूं। ऊपर से शुरू करना होता है। यह दीमक की तरह लगा हुआ है। पहले दिखती नहीं फिर बेडरूम तक जाने पर पता चलता है। हर स्क्वायर मीटर पर इंजेक्शन लगाना पड़ता है। हर महीने, सालों प्रयास के बाद दीमक से मुक्ति मिलती है। करप्शन रुपी दीमक से मुक्ति के लिए करोड़ों कोशिशों की आवश्यकता है।
– मैं अगर ये कहता कि मैं एलपीजी गैस सब्सिडी 15 हजार करोड़ रुपए कट करने वाला हूं। दावे करता हूं तो सैकड़ों लेख लिखे गए वाहवाही के। लेकिन लोग कहते हैं कि यह आदमी कुछ कर नहीं रहा, कुछ दिखता नहीं, कभी-कभी कुछ लोगों को निराशा के गर्त में डूबने का शौक होता है। जब तक चार लोग निराशा की बात न करें तो उन्हें रात को नींद नहीं आती। कुछ लोग बीमार होते हैं तो वे चाहते नहीं कि पता चले बीमारी क्या है? फिर कुछ ऐसे होते हैं जो खुद बीमारी की बात करते हैं घंटों।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
69वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लाल किले के आसपास 500 मीटर के दायरे में NSG, SWAT और BSF के कमांडो तैनात किए गए हैं और यहां पांच लेवल का सिक्युरिटी घेरा बनाया गया है। साथ ही इलाके को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इसका मतलब होगा कि इस इलाके के ऊपर कोई भी विमान या हेलिकॉप्टर उड़ नहीं सकेगा।
लाल किले के आसपास लगे 300 कैमरे
लाल किले के आसपास 300 कैमरे और लाल किले की तरफ जाने वाले सभी रास्तों के स्ट्रीट लाइट पोल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एक सेंट्रल कंट्रोल रूम रेड फोर्ट में बनाया गया है, जहां सीनियर ऑफिसर्स पूरे फंक्शन पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही लाल किले के दो बुर्ज पर हाई रेजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए इस ऐतिहासिक इमारत के पांच किलोमीटर की रेडियस में हर हरकत पर नजर रखी जाएगी।
स्मार्ट विलेज स्कीम को हो सकता है एलान
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री अपने भाषण में किसानों और उनकी समस्याओं का जिक्र करने के साथ ही ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट विलेज जैसी स्कीम लांच कर सकते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री लोगों को सरकार के एक साल में किए गए कामों की याद दिलाते हुए स्वच्छ भारत अभियान का भी जिक्र करते हुए इसे आगे बढ़ाए जाने का एलान भी कर सकते हैं। गौरतलब है कि इस अभियान के तहत 4.39 टॉयलेट बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया था जिसमें एक साल में 1.41 लाख नए टॉयलेट बनाए जा चुके हैं। पीएमओ के सूत्रों के मुताबिक 15 अगस्त के बाद नए बनाए जा रहे टॉयलेट की स्थिति को लेकर आंकड़े जारी किए जाएगें। पीएम गुड गवर्नेस के लिए कुछ नए कदम उठाए जाने एलान भी कर सकते हैं।
स्पॉट इंश्योरेंस स्कीम को हो सकता है एलान
सरकार के सूत्रों के मुताबिक पीएम लाल किले से नई स्कीम्स का भी एलान कर सकते हैं। इनमें रोड एक्सिडेंट के मरीजों के लिए स्पॉट इंश्योरेंस स्कीम। बुजुर्गों के लिए पेंशन स्कीम का एलान भी कर सकते हैं। पीएम ट्रॉमा सेंटर में लाए जाने रोड एक्सिडेंट्स के मामलों में मरीजों के मुफ्त इलाज और स्पॉट इंश्योरेंश को मैंडेटरी कर सकती है। इसके अलावा पिछले साल बेटी बचाओ अभियान की शुरुआत करने वाले मोदी इस स्वतंत्रता दिवस पर बेटियों की पढ़ाई-लिखाई को लेकर भी किसी योजना की घोषणा कर सकते हैं।
इन अहम योजनाओं का हो सकता है एलान
– प्लास्टिक बैग फ्री एनवायरमेंट अभ‍ियान।
– श‍िक्षा के क्षेत्र में पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर स्कीम लॉन्च करने का एलान।
– भारत की उपलब्धियों की जानकारी देने वाली वेबसाइट के लॉन्च की घोषणा।
– महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरे देश में हेल्पलाइन शुरू करने का एलान।
किस पीएम ने कितनी बार लाल किले पर तिरंगा फहराया?
जवाहरलाल नेहरू : 17 बार
इंदिरा गांधी : 16 बार
मनमोहन सिंह : 10 बार
अटल बिहारी वाजपेयी : 6 बार
राजीव गांधी : 5 बार
पीवी नरसिंह राव : 5 बार
 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button