यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश बोले – पचास दिन में ही चौपट हो गयी कानून व्यवस्था

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से बुधवार को पार्टी मुख्यालय लखनऊ में मुरादाबाद, फैजाबाद, अलीगढ़, बाराबंकी, मेरठ, मुजफ्फरनगर आदि जनपदों से बड़ी संख्या में आए लोगों ने भेंट की। इन पूर्व मंत्रियों में अहमद हसन, बलराम यादव, राजेंद्र चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, अरविन्द सिंह गोप, डा0 मधु गुप्ता, एस.आर.एस. यादव, असीम यादव, विनोद सिंह उर्फ पंडित सिंह , नईमुल हसन, अनूप गुप्ता सहित मौलाना इकबाल कादरी भी इस मौके पर मौजूद थे।

पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हार जीत होती रहती है। इससे निराश होने की जरूरत नहीं है। समाजवादी पार्टी का सघन सदस्यता अभियान चल रहा हैं इसे और तेजी एवं मजबूती देनी चाहिए। संगठन जितना मजबूत होगा हमारी आवाज में उतनी ही ताकत होगी। भाजपा ने झूठ के बल पर सत्ता पाई है। समाजवादी पार्टी ने विकास के नाम पर चुनाव लड़ा। सांप्रदायिक ताकतों की जीत स्थाई नहीं रहने वाली है। समाजवादी पार्टी इनके खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। भाजपा की सामाजिक सौहार्द एवं धर्मनिरपेक्षता के विरोध की नीति का डटकर विरोध होगा। कार्यकर्ता संगठित और प्रतिबद्ध रहें।

अखिलेश यादव से तमाम लोगों ने शिकायत की कि पचास दिन में ही प्रदेश में त्राहि-त्राहि मच गई है। कानून व्यवस्था चैपट है। लूट, हत्या, डकैती, बलात्कार की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। युवाओं को अपना भविष्य अंधेरे में दिखाई दे रहा है। नौकरियां छीनी जा रही है। अतरौली, अलीगढ़ के समाजवादी व्यापार सभा के नगर अध्यक्ष एवं सभासद श्री वीरेंद्र सिंह लोधी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से शिकायत की कि अतरौली में समाजवादी पार्टी का होर्डि़ंग लगाने पर ही उनको झूठे केस में फंसाकर जेल भेज दिया गया। बदले की भावना से उत्पीड़न की कार्यवाही भाजपा सरकार बनते ही शुरू हो गई है। कई लोगों ने शिकायत की कि उनके जनपदों में सामाजिक सद्भावना बिगाड़ने की साजिशें हो रही हैं। समाजवादी पार्टी की जनहितकारी योजनाओं की बदनामी की जा रही है या उन्हें रोका जा रहा है। भाजपा का यह जनविरोधी आचरण है। सब का विकास का वादा किया गया था किन्तु किसानों के साथ धोखाधड़ी की गयी। राज्यकर्मियों का भी उत्पीड़न किया जा रहा है। पुलिस पर सत्तारूढ़ दल के लोग हमला कर रहे हैं। अधिकारियों को अपमानित किया जा रहा है।

मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया है कि दर्जनों महिलाएं भी अखिलेश यादव से मिलने आयी थी। यह सिलसिला रोज का है जबकि सैकड़ों लोग समाजवादी पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से मिलने आते है। ये तमाम लोग अखिलेश यादव से भेंट करते है और उन्हें भरोसा दिलाते है कि वे सभी समाजवादी पार्टी के साथ है। इन सभी ने कहा कि भाजपा राज के कामकाज से लोगों में निराशा व्याप्त है। समाजवादी पार्टी और भाजपा की सरकारों के कामों में जमीन-आसमान का अंतर है। समाजवादी सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, नौजवानों और अल्पसंख्यकों के हित में जितने काम किए उनको भाजपाई छू भी नहीं सकते है। लोगों ने कहा कि श्री अखिलेश यादव ने जो कहा वही किया। सभी चुनावी वादे पूरे किए। भाजपा फरेब के सहारे राजकाज भी चलाना चाहती है।

 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button