420 के केस में AAP एमएलए मनोज कुमार गिरफ्तार, कोर्ट में होंगे पेश

aap_manojतहलका एक्सप्रेस ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की कोंडली सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के एमएलए मनोज कुमार को दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी (धारा 420) के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। थोड़ी देर में मनोज को कड़कड़डूमा कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने उन्हें न्यू अशोक नगर थाने में बुलाकर पूछताछ की और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी ने बताया कि उनके खिलाफ जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी का पुराना मामला दर्ज है। पार्टी की एक और विधायक मुश्किल में फंस सकती हैं। दिल्ली विधानसभा में डिप्टी स्पीकर और ‘आप’ की विधायक वंदना कुमारी के पति पर आरोप लगा है कि उन्होंने एक स्कूल की प्रिंसिपल को एडमिशन के लिए धमकी दी। प्रिंसिपल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस बारे में शिकायत की है।
विनोद कुमार नाम के एक शख्स ने पिछले महीने ईस्ट दिल्ली के अशोक नगर थाने में दर्ज अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि राजनीति में आने से पहले मनोज प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। विनोद ने दावा किया वह मनोज के कारोबारी साझेदार थे और नवंबर, 2012 में उन्होंने एक प्लॉट खरीदने के लिए उन्हें छह लाख रुपए दिए थे, लेकिन उन्होंने यह रकम वापस नहीं की।मनोज के खिलाफ फर्जीवाड़े, सिक्योरिटी फोर्स को भड़काने और महिला के साथ गलत तरीके से पेश आने के आरोप पहले से ही हैं। इन आरोपों के मद्देनजर मनोज पर चार एफआईआर दर्ज हैं। इससे पहले फर्जी डिग्री के मामले में ‘आप’ विधायक जितेंद्र सिंह तोमर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। तोमर पर आरोप है कि वे यूपी की डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध यूनिवर्सिटी से साइंस ग्रेजुएट नहीं हैं। उनकी बीएससी की डिग्री फर्जी है। बिहार के मुंगेर स्थित विश्वनाथ सिंह इंस्टिट्यूट ऑफ लीगल स्टडी से तोमर की लॉ की डिग्री भी सही नहीं है। यह कॉलेज बार काउंसिल ऑफ इंडिया के मानकों पर खरा नहीं उतरता। फर्जी डिग्री का विवाद बढ़ने के बाद तोमर ने केजरीवाल सरकार में कानून मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी नेता सोमनाथ भारती भी पत्‍नी से मारपीट के मामले में कानूनी पचड़े में फंसे हैं।
 ‘आप’ के 23 विधायकों पर है क्रिमिनल केस
दिल्ली में ‘आप’ के एक-तिहाई से ज्यादा विधायक दागी हैं। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म के आंकड़ों के मुताबिक, ‘आप’ के 67 विधायकों में 23 (34 पर्सेंट) ने चुनावी एफिडेविट में अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। पिछले ही महीने खबर आई थी कि दिल्ली पुलिस आप के 21 विधायकों के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की तैयारी में है।
 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button