कर्नाटक चुनाव परिणामः हार के साथ राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल, सभी मोर्चो पर फेल

नई दिल्ली। कर्नाटक चुनाव के नतीजों ने राहुल गांधी को एक साथ कई मोर्चो पर हार का मुंह दिखाया है। पहली हार तो उन्हें भाजपा से मिली, जहां सीधी लड़ाई में उन्हें मुंह की खानी पड़ी है। दावपेंच के बावजूद यह तो तय है कि जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। दूसरी हार उन्हें विपक्षी दलों के बीच नेतृत्व के मुद्दे पर भी खानी पड़ी है। क्योंकि इस नतीजे के बाद यह तय हो गया है कि वह भाजपा के खिलाफ लड़ाई में सशक्त चेहरा नही हैं। इसकी शुरूआत भी कर्नाटक से हो गई है। जहां ज्यादा संख्या होने के बाद भी कांग्रेस को आगे बढ़कर जेडीएस जैसे क्षेत्रीय दलों को, जिनकी संख्या उनके मुकाबले काफी कम है, समर्थन का ऐलान करना पड़ा है। कर्नाटक में कांग्रेस जदएस के नेतृत्व में है।

राहुल गांधी और कांग्रेस को यह झटका तब लगा है, जब वह 2019 के आम चुनावों को लेकर लंबे समय से विपक्ष को एकजुट करने और उसका नेतृत्व करने की कोशिशों में जुटे हुए थे। ऐसे में इन नतीजों ने उनकी पूरी कोशिशों पर पानी फेर दिया है। हालांकि इसके बाद भी कांग्रेस ने भाजपा को सरकार बनाने से रोकने के लिए जिस तरीके से जेडीएस को समर्थन देने की घोषणा की है, उसी को अब वह अपनी बड़ी रणनीतिक जीत के तौर पर देख रही है। वैसे भी कर्नाटक चुनाव में राहुल राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के बावजूद सिद्धरमैया के सहयोगी की तरह दिखे। एक वक्त पर तो उन्होंने सिद्धरमैया की तुलना मोदी से कर दी थी जिसे लेकर प्रदेश के पार्टी नेताओं में रोष भी था। खुद राहुल ने अपनी हैसियत छोटी कर ली थी।

कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के लिए वैसे भी कर्नाटक का यह चुनाव काफी अहम माना जा रहा था, क्योंकि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनकी अगुवाई में यह पहला चुनाव था। ऐसे में वह अपनी पहली ही परीक्षा में फेल साबित हुए है। निश्चित ही इससे पार्टी के उन कार्यकर्ताओं का मनोबल भी कमजोर होगा, जो अपने अध्यक्ष से किसी करिश्मे की उम्मीद लगाकर बैठे थे। कांग्रेस की हार ने पार्टी के अंदर उन विरोधियों को भी मौका दे दिया है जो राहुल की योग्यता को लेकर सवाल उठाते रहे थे। कर्नाटक के इन नतीजों का असर आने वाले तीन राज्यों के चुनावों पर भी देखने को मिलेगा, जहां कांग्रेस के सामने नेतृत्व के भरोसे का एक बड़ा संकट रहेगा।

 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Back to top button