भगवा से फिर सफेद हुआ कांग्रेस मुख्यालय का मीडिया सेंटर, कोऑर्डिनेटर ने दी सफाई

लखनऊ। लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय के मीडिया सेंटर की दीवारों के भगवा रंग से पुतवाने पर हंगामा मचने के बाद इसे फिर से सफेद रंगवा दिया गया है। दीवार को भगवा रंग से पुतवाने की खबरें सोशल मीडिया में वायरल होने पर कांग्रेस नेताओं में हड़कंप मच गया। जिस पर बृहस्पतिवार शाम को ही पेंटर को बुलाकर दीवारों से भगवा रंग छिपाने का काम शुरू कर दिया गया।

आपको बता दें कि प्रदेश में योगी सरकार के आने के बाद से ही इमारतों व बसों को भगवा रंग से रंगा जाने लगा। यहां तक की हज हाउस की बाहरी दीवार को भी भगवा रंग दिया गया। जिस पर जमकर हंगामा हुआ और अब जब कांग्रेस मीडिया सेंटर की दीवारों पर भी यही रंग दिखा तो ये मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद दीवारों को सफेद पेंट से रंगवा दिया गया।

दरअसल, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में इन दिनों रंग-रोगन का काम हो रहा है। मुख्य भवन के बगल में स्थित मीडिया हॉल है और इसी से सटा एक कमरा है, जिसमें प्रवक्ता बैठते हैं। इसके दूसरी तरफ भी एक छोटा-सा कमरा है जिसमें आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था है। सभी कमरों को अलग-अलग रंग में रंगा जा रहा है। इसी कड़ी में प्रवक्ताओं और आगंतुकों के कमरे की दीवारों की रंर्गाई भगवा रंग से मिलते-जुलते रंग से कर दी गई।

इस बारे में प्रदेश कांग्रेस के मीडिया कोऑर्डिनेटर राजीव बक्शी का कहना है कि पेंटर की गलती से रंग बदल गया था। हालांकि जो रंग किया गया, वह भगवा नहीं बल्कि गाढ़ा पीला था। पेंटर को तिरंगे के तीनों रंग दीवारों पर चढ़ाने को कहा गया था लेकिन उससे केसरिया के बजाय गाढ़ा पीला रंग चढ़ा दिया जो भगवा जैसा दिखने लगा था। इसे अब केसरिया कराया जा रहा है।

 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Back to top button