म्यांमार सेना प्रमुख ने UN से कहा- ‘रोहिंग्याओं के साथ कोई दुष्कर्म नहीं, यह हमारे संस्कृति के खिलाफ’

यांगून । म्यांमार के सेना प्रमुख ने इस बात से साफ इनकार किया है उनके सैन्यकर्मियों ने रोहिंग्या मुस्लिमों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं को अंजाम दिया है। म्यांमार के दौरे पर गए संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए सेना प्रमुख जनरल मिन ऑंग ह्लेंग ने ये बातें कहीं। म्यांमार की सेना पर जातीय विद्रोह फैलाने और रोहिंग्या महिलाओं के साथ दुष्कर्म और हत्या करने का भी आरोप है। आपको बता दें कि अगस्त 2017 में एक सैन्य अभियान के बाद 7 लाख रोहिंग्यावासी म्यांमार से भाग कर बांग्लादेश की तरफ भाग गए। सैन्य अभियान में उनके गांवों को जला दिया गया और उनके साथ कथित अत्याचार किया गया।

बताया जाता है कि रोहिंग्या मुसलमानों के सुरक्षित म्यांमार वापस लौटने के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधिमंडलों ने इस जगह की जांच-पड़ताल करने के लिए यहां का दौरा किया है। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा मामलों की देख-रेख करने वाले सेना प्रमुख से मुलाकात की। सेना प्रमुख ने इस दौरान कहा- टामाडाओ (म्यांमार की सेना) हमेशा अनुशासन में रहती है औऱ जो भी नियम के विरुद्ध जाता है उसके खिलाफ कड़े एक्शन लेती है। रोहिंग्या महिलाओं और लड़कियों के साथ दुष्कर्म की पुष्टि बांग्लादेश में की गई है। इस पर मिन ऑंग ने कहा कि उनके सैन्यकर्मियों का दुष्कर्म का कोई इतिहास नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे धर्म औऱ संस्कृति के अनुसार ये अस्वीकार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई इसमें दोषी पाया जाता है तो वह सजा का पात्र है।

उन्होंने सरकारी बातों को दोहराते हुए कहा कि म्यांमार अपने सभी नागरिकों को वापस बुलाने के लिए तैयार है और इसके लिए बांग्लादेश के साथ समझौता हो चुका है। उन्होंने कहा कि लेकिन समझौते के सात महीनों के बाद भी अब तक कोई वापस नहीं लौटा है।

जानकारी के मुताबिक,संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधि आज हेलीकॉप्टर से म्यांमार के उत्तर रखाइन राज्य का दौरा कर वहां का जायजा लेंगे। इसके बाद वे राजधानी नयपीडो में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। संयुक्त राष्ट्र का म्यांमार दौरा इसके बाद आया है जब बांग्लादेश में रोहिंग्या शरणार्थियों ने अपने साथ दुष्कर्म की घटनाओं का ब्योरा दिया है। म्यांमार की स्टेट काउंसिल लीडर आंग सान सू की ने भी संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधियों से कल दोपहर में मुलाकात की और रोहिंग्याओं के वापस म्यांमार लाने का वादा किया।

 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Back to top button