आईटीबीपी के जवानों ने खिमलिंग पर फहराया तिरंगा

लोहाघाट/चंपावत। आईटीबीपी के जवानों ने दारमा घाटी की 20,336 फीट ऊंची बर्फ से ढंकी खिमलिंग चोटी को फतह किया। 36वीं वाहिनी के लवराज और 14वीं वाहिनी के कवींद्र सिंह ने पहली बार इस दुर्गम पहाड़ी पर तिरंगे के साथ आईटीबीपी का ध्वज फहराने में कामयाबी हासिल की। टीम के बाकी जवान भी चोटी को फतह करने की कोशिशों में लगे हुए हैं। खराब मौसम की वजह से इसमें काफी अड़चनें आ रही हैं।
मौसम खराब होने के कारण इस इलाके में बर्फीला तूफान चल रहा है। यह पहाड़ी पंचाचूली से भी काफी जटिल और दुर्गम मानी जाती है। इससे पहले आईटीबीपी ने पंचाचूली पर्वत शिखर को भी फतह किया था। आईटीबीपी की पूर्वी परिक्षेत्र के आईजी पुनीत रस्तोगी, डीआईजी आरएम सिंह आज हेलीकॉप्टर से इस शिखर का निरीक्षण करेंगे।
अभियान दल ने खिमलिंग पर्वत शिखर को पहली बार फतह किया है। इससे पहले कोई भी सरकारी या गैर सरकारी संगठन इसे फतह नहीं कर पाया था। शिखर तक पहुंचने के लिए जवानों को कई रास्तों की तलाश भी करनी पड़ी। अभियान के दौरान 28 सितंबर को करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित सूक्ति यांग्ती बेस कैंप में दल पहुंचा। पहले दिन प्रथम कैंप की रेकी करने के बाद 30 सितंबर को उसपर चढ़ाई शुरु की। इसके बाद तीसरा और अंतिम शिखर फतह करने का अभियान शुरू हुआ। रविवार को खराब मौसम के बावजूद अभियान दल लक्ष्य के काफी करीब पहुंच गया था, लेकिन दल के खाते में सफलता सोमवार को ही आयी।
देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट
हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :
हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :
कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:
हमें ईमेल करें : [email protected]