यूपी पुलिस ने 14 महीनों में किये 23 बलात्कार

लखनऊ।पहली जनवरी 2014 से 28 फरवरी 2015 के बीच उत्तर प्रदेश की पुलिस ने खुद बलात्कार के 23 मामले अंजाम दिये। यह बलात्कार या तो पुलिस के थानों में हुए या फिर पुलिस ने किसी अन्य स्थान का इस्तेमाल किया। इस 23 की संख्या पर कोई शक-शुबह नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि यह पुलिस के रोजनामचे में दर्ज रजिस्टर्ड मामले हैं। विधायक श्यामदेव राय चौधरी द्वारा विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से पूछे गये एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश के थानों में पुलिस द्वारा किये गये बलात्कार के 23 मामले दर्ज हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने दूसरे राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश में होने वाले अपराधों में बलात्कार की संख्या को काफी कम बताया है। मुलायम सिंह यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश में होने वाले अपराधों में दस फीसदी बलात्कार की घटनाएं हैं। राजस्थान में सात फीसदी और उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा महज दो फीसदी है। उत्तर प्रदेश में होने वाले अपराधों के दो फीसदी अपराध यानि बलात्कार में उत्तर प्रदेश पुलिस का योगदान 23 की संख्या को दर्शाता है। रक्षक की भूमिका के लिए तैनात की जाने वाली पुलिस बलात्कार के मामलों में कितना सक्रिय रहती है, यह थानों में दर्ज मुकदमों से ही साबित हो जाता है।
पुलिस द्वारा बलात्कार जैसा कार्य किये जाने के मामलों में 29 पुलिस अधिकारियों को नामजद किया गया। इनमें से 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। दो अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। जांच में आठ पुलिस अधिकारियों की नामजदगी को गलत पाया गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सदन को बताया कि उत्तर प्रदेश में पंजीकृत किये गये 23 मुकदमों में से 15 अभियोगों को विचारोपरांत न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया है। सात मामलों में पर्याप्त साक्ष्य न मिल पाने की वजह से विवेचना समाप्त करनी पड़ी और एक अभियोग पर अभी विवेचना चल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारी की दण्ड एवं अपील नियमावली 1991 के तहत 3 पुलिस कर्मियों के विरुद्ध नियम 14 (1) के तहत विभागीय कार्यवाही की गयी। जनपद अलीगढ़ के दो सिपाहियों को बर्खास्त किया गया। बुलन्दशहर के एक सब इंसपेक्टर को पद से हटाया गया। दो पुलिसकर्मियों की चरित्र पंजिका में प्रतीकूल प्रविष्टि दी गयी और तीन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्यवाही चल रही है।
देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट
हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :
हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :
कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:
हमें ईमेल करें : [email protected]