हिमाचल प्रदेश की सरकार ही नहीं पूरी कांग्रेस पार्टी ही जमानत पर है: मोदी

बिलासपुर। नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एम्स की आधारशिला रखी। 750 बिस्तर वाले इस हॉस्पिटल को बनाने में करीब 1350 करोड़ रुपए की लागत आएगी। यहां हेल्थ सर्विस के अलावा, नर्सिंग, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन मेडिकल एजुकेशन भी मुहैया करायी जाएगी। मोदी ने हिमाचल में IIIT के नए भवन का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा, “हिमाचल के लोगों को ऊंचे स्थानों से आने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसे अच्छी तरह जानता हूं। केवल हिमाचल की नहीं, पूरी कांग्रेस पार्टी ही जमानत पर है। इस सरकार को बदलना चाहिए।
हिमाचल को नैना देवी का आशीर्वाद
मोदी ने कहा कि ये देवभूमि है। ये वीर माताओं की भूमि है। ये वीर-ओजस्वी-तेजस्वी सपूतों की धरती है। माता नैना देवी के आशीर्वाद से यहां की अध्यात्मिक चेतना निरंतर प्रज्ज्वलित रहती है। ये गोविंद सागर मैं देख रहा हूं। गुरु गोविंद जी की याद दिलाता है। लेकिन ये गोविंद सागर बिलासपुर के लोगों के त्याग-तपस्या की कथा भी कहता है। देश में कृषि क्रांति लाने के सपने को लेकर बिलासपुर ने जो त्याग किया, उसी के कारण भाखड़ा-नांगल डैम बना। उसी त्याग का परिणाम है कि पंजाब-हरियाणा हरा-भरा है। इसके मूल में बिलासपुर के लोगों के त्याग की गाथा है। ये गोविंद सागर यहां के नागरिकों ने देश के विकास के लिए जो त्याग किया, देश के लोगों को अन्न मिले, खेती फलेफूले इसके लिए जो त्याग किया, उसी के कारण देश समय रहते अन्न के भंडार किसानों ने भर दिए। देश में जब-जब कृषि विकास की बात आती है तो बिलासपुर के त्याग की बात स्वर्ण पृष्ठों पर लिखी जाती है।
हिमाचल के लिए काम करना मेरा सौभाग्य
नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिंदुस्तान के हर लड़ाई, देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए, देश की आन-बान-शान बचाने के लिए मेरे हिमाचल के वीर सपूतों ने बलिदान दिया है। अनगिनत परिवार हैं, जिन्होंने अपनी जवानी देश की सीमाओं की रक्षा में गंवा दी। हर क्षेत्र में हिमाचल ने अपनी एक पहचान बनाई है, शान-आन बनाई है। अगर ऐसे हिमाचल के लिए कुछ करने का मौका मिले तो इससे बड़ा जीवन का सौभाग्य क्या होगा। आज यहां एक ही कार्यक्रम में कितनी सारी योजनाएं करीब 1500 करोड़ रुपए के काम… कुछ शिलान्यास और कुछ लोकार्पण किए गए हैं। हिमाचल बहुत बड़ा टूरिस्ट प्लेस है। देश के कोने-कोने से यात्री यहां आते हैं, अक्सर यहां की पहाड़ियों में किसी ना किसी कारण से बस की बस खाइयों में चली जाती है। अगर उन्हें ट्रॉमा-एम्स जैसी व्यवस्था मिल जाए तो हिंदुस्तान के किसी भी कोने से आए हुए आदमी के लिए हिमाचल की धरती उसका स्वास्थ्य ठीक करके घर लौटाएगी। इसके बाद टूरिस्ट के आने का भी मन करेगा। हमारी पार्टी के एक ट्रेजरर थे, शिमला के पास एक्सीडेंट हो गया था। अस्पताल जब ले जाना पड़ा तो रास्ते में दो लोगों की मृत्यु हो गई। उनका फोन आया तो मैंने पार्टी कार्यकर्ताओं को कहा कि हमारे परिचित हैं, मदद करो। हिमाचल में आने वाले लोगों को इस व्यवस्था का पता चलता है तो उसका विश्वास बढ़ जाता है। एम्स हिमाचलवासियों के लिए संजीवनी लेकर आया है। हिमाचल की अर्थव्यवस्था और टूरिज्म बढ़ाने के लिए बहुत बड़ी व्यवस्था बन सकता है।
हिमाचल का एम्स मिसाल कायम करेगा
मोदी ने कहा, “यहां आने से पहले मैं सरकारी कार्यक्रम में था और वहां पर मैंने एम्स का शिलान्यास किया। वहां पर मुझे उसका सारा मॉडल दिखाया गया, मैप दिखाए गए। 1300 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला ये अस्पताल हिमाचल और पूरे उत्तरभारत के लिए स्टेट ऑफ द आर्ट बनेगा। इस इलाके में सामान्य रूप से हिंदुस्तान में पुरुषों की मृत्यु दर से ज्यादा हिमाचल में है। फेफड़ों और सांस की बीमारी 30-40 उम्र में ज्यादातर लोगों को हो जाती है। अगर स्वास्थ्य का सही प्रबंध हो जाता है तो मैं मानता हूं कि यहां के वीर जवान,हर जवान राष्ट्र के कल्याण के लिए सामर्थ्यवान बनेगा। माताओं-बहनों को उत्तम आरोग्य की सुविधाएं मिलेंगी, रोजगार के मौके मिलेंगे। इसके कैंपस में 3000 लोग एक साथ काम कर सकेंगे। जेपी नड्डा जी आरोग्य की सुविधाओं को लेकर अनेक नए तरीके खोज रहे हैं। एक योजना उन्होंने इंद्रधनुष बनाई है। किसी और देश में होती तो बहुत बड़ाई होती। भारत में चीजों को समझने में वक्त लगता है। हर कोशिश, टीवी विज्ञापन,योजनाओं के कारण लाखों बालक टीकाकरण से छूट जाते हैं। इस छोटी सी चीज के कारण 5-10 साल में पहुंचते ही वो किसी ना किसी गंभीर बीमारी का शिकार हो जाता है। मां-बाप को अपने सपने छोड़कर बेटा या बेटी के लिए जवानी खपानी पड़ती है। इन बच्चों को बचाने के लिए नड्डाजी ने बीड़ा उठाया। इंद्र धनुष योजना से टीकाकरण का अभियान चलाया और पहले राउंड में जो बच्चे छूट गए थे, उन्हें ढूंढकर टीकाकरण करवाया। इसके बाद भी जो बचे तो नड्डा जी ने फिर से अभियान शुरू करने का फैसला किया। देशभर में फिर से इंद्रधनुष योजना के माध्यम से टीकाकरण से बचे हुए बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। दीपावली से पहले ऐसे बच्चों को खोजकर टीकाकरण करवाया जाएगा। बीजेपी के देशभर के कार्यकर्ता, एनजीओ, नागरिक, एनसीसी, एनएसएस, स्कूल-कॉलेज, राजनीतिक दल, राज्यों की सरकारों से आग्रह करता हूं कि दीपावली से पहले इंद्रधनुष के इस अभियान में मदद करें। एक बच्चे को बचा लिया तो जीवन में इससे बड़ी भलाई का काम क्या होगा।

IIIT शिक्षा-संस्कार का धाम बने
मोदी ने कहा, “आज यहां ट्रिपल आईटी का शिलान्यास हुआ है। ये बात सही है कि अच्छे परिसर समय की मांग होते हैं। इसकी अपनी एक ताकत होती है। हमने ट्रिपल आईटी का एक ऐसा परिसर बनाने की सोची है, जो शिक्षा और संस्कार का धाम बना रहे। कभी लोगों को लगता है कि ऐसे इंस्टीट्यूट आते हैं तो एक नया कॉलेज बना जाता है। ट्रिपल आईटी आने का मतलब है कि हिमाचल में नए और आधुनिक युग का शिलान्यास हुआ है। एक ऐसी नई पीढ़ी को जन्म देने का ये शिलान्यास हुआ है, जो देश का भविष्य बनाएंगे। ये कोई इमारत नहीं है, ये एक ऐसी चीज है जो हिमाचल और देश को आधुनिकता की ओर ले जाने के लिए बहुत बड़ा योगदान देने वाली है। स्टील इंडस्ट्रीज का लोकार्पण किया गया। सरकार कैसे चल रही है और पहले कैसे चलती थी ये स्टील इंडस्ट्री को देखकर समझ में आ जाएगा।
केवल 70 करोड़ रुपए का कारखाना। भारत सरकार के दो डिपार्टमेंट लड़ते रहे इसलिए 7 साल लटका रहा ये कारखाना। पहले की सरकार ऐसी थी, जिसमें हर डिपार्टमेंट का एक प्रधानमंत्री हुआ करता था। बिलासपुर के रेल का प्रोजेक्ट 40 साल से लटका हुआ था। मैंने कहा कि यहां भी ट्रेन चाहिए। मैं लाखों करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट निकलवाकर करवा रहा हूं। आज हमारी सरकार पुरानी सारी समस्याओं को निकालकर सही कर रही है। स्टील कारखाने का प्रोडक्शन शुरू होगा, नौजवानों को रोजगार मिलेगा। मैं इस कारखाने को जनता को समर्पित करता हूं।

वन रैंक-वन पेंशन 40 साल से अटकी थी
मोदी ने कहा, “वन रैंक-वन पेँशन लागू की। सेना के अधिकारियों ने मुझे सम्मानित किया, वे भावविभोर थे। 40 साल से ये मसला लटका हुआ था, कोई पूछने वाला नहीं था। हिमाचल के मंडी में मैंने घोषणा की थी के वन रैंक-वन पेंशन देंगे। 3 किश्तें दे चुके हैं और अब चौथी किश्त का पैसा सीधे चेक से उनको चला जाएगा। मैं जानता हूं कि सरकार पर बोझ बढ़ता है, लेकिन मेरे लिए मेरे देश का जवान मेरी प्राथमिकता है। अभी तीन दिन पहले सर्जिकल स्ट्राइक की सालगिरह हुई, मैं देश के मीडिया का आभार व्यक्त करता हूं कि जिस तरह से उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक को दोबारा याद किया, उन्होंने देश के जवानों और नागरिकों के आदर में बढ़ोतरी की। सेना के लिए सम्मान का भाव पैदा होता है, यही वो भावना है, जिसके लिए 20-25 साल का जवान सीना तानकर गोलियां खाने के लिए तैयार हो जाता है। मैं देश के मीडिया का आभार प्रकट करता हूं। सर्जिकल स्ट्राइक करके देश की सेना ने दिखा दिया है कि हम भी किसी से कम नहीं हैं। आज देश की सेना का जो मॉरल है, शायद कई वर्षों के बाद देश की सेना में ये रुतबा देखने को मिल रहा है। यही सबसे बड़ी ताकत होती है। उसके मन की स्थिति,संकल्प का सामर्थ्य, त्याग की पराकाष्ठा यही देश की संपत्ति होती है। इन दिनों हिमाचल में करीब 13 प्रोजेक्ट ऐसे चल रहे हैं, जिसमें 7 बड़ी सड़कें हैं, ट्रांसपोर्ट के 7,पेट्रोलियम-पावर के 2, रेलवे का एक, अर्बन डेवलपमेंट का 1 प्रोजेक्ट चल रहा है। इन योजनाओं पर भारत सरकार 15 हजार करोड़ रुपए लगाएगी। ये पैसा जब हिमाचल में लगेगा तो आप कल्पना कर सकते हैं कि योजनाएं शुरू होने पर कितने लोगों को रोजगार मिलेगा, कितना फायदा होगा। स्वच्छता की दिशा में हिमाचल के नागरिकों ने जो जागरुकता दिखाई है, उन्होंने कमाल कर दिया है। उसके लिए मैं उन्हें बधाई देने से अपने आपको रोक नहीं सकता है। स्वच्छता टूरिज्म को खींचेगी और ये टूरिज्म ही है जो आपके परिवार को सम्पन्न बनाएगा।
हिमाचल में जमानती सरकार
मोदी ने कहा, “हिमाचल में आज जमानती सरकार चल रही है। कांग्रेस के लोग मिलने आए एक बार। मैंने कहा आपके मुख्यमंत्रियों का पूरा परिवार भ्रष्टाचार के मसले में जमानत पर बाहर है.. आप सीएम बदलते क्यों नहीं है। बोले कैसे बदलें, हमारी पूरी पार्टी जमानत पर है। पार्टी चीफ-युवराज भी नेशनल हेराल्ड केस में जमानत पर हैं। अब मुझे बताइए कि हिमाचल की इस जमानती सरकार को जमानत देनी है कि नहीं। कब तक जमानती सरकार को झेलोगे। भ्रष्टाचार ने इस देश को खोखला कर दिया है। हमारा देश गरीब नहीं था। हमारे देश का नागरिक अपने कर्तव्यों के लिए उदासीन नहीं था। उसने देखा कि लूट का माल जब कुछ लोगों की जेब में जा रहा है तो उसने अपना मुंह फेर लिया। अब नया युग आ रहा है। हिंदुस्तान की अवाम की एक-एक पाई से अवाम के लिए काम होगा। हमारी सरकार से पहले दिन-रात एक ही खबर आती थी। कोयले-टूजी, जल-नभ-जमीन में इतना पैसा गया। वो भी वक्त था कि इतने रुपए गए। आज वो वक्त है जब मोदी जी से ये पूछा जाता है कि कितने रुपए आए। यही बदलाव है। सिक्किम देखकर आइए। 10 लाख लोग बमुश्किल हैं और जितनी आबादी है, उतने टूरिस्ट सिटी में आते हैं। हिमाचल के अंदर वही ताकत भरी है। मुझे विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी आपके सपनों को साकार करने के लिए तैयार है।
 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button