रालोद अब विधायक मुक्त हुआ, इकलौते विधायक सहेंद्र सिंह रमाला भाजपा में शामिल

लखनऊ। राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग के आरोप में राष्ट्रीय लोकदल से निलंबित किये गए बागपत जिले के छपरौली क्षेत्र के विधायक सहेंद्र सिंह रमाला सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने विधायक और उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। सहेंद्र के साथ ब्लाक प्रमुख प्रह्लाद सिंह और संजीव सिंह, करीब 30 ग्राम प्रधान और अन्य समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सोमवार की शाम एक समारोह में इन सभी को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा, प्रदेश और देश की तस्वीर सामने है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता के लिए सरकार चला रहे हैं। सरकार अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति की बेहतरी के लिए काम कर रही है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभावशाली किसान नेता सहेंद्र सिंह इसीलिए भाजपा में शामिल हुए हैं।

डॉ. पांडेय ने चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए कहा कि मोदी सरकार चौधरी साहब के सपनों को पूरा करने में जुटी है। अन्य दलों पर उन्होंने आरोप लगाया और कहा कि बाकी लोग तो अपनी सुख सुविधा के लिए सरकार में आना चाहते हैं।

कैराना उपचुनाव के पहले भाजपा का नया दांव

कैराना उप चुनाव के पहले छपरौली से रालोद के टिकट पर जीते सहेंद्र सिंह को भाजपा में शामिल कराकर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने नया दांव खेला है। विपक्ष से रालोद के जयंत चौधरी को कैराना में संभावित उम्मीदवार बनने की आहट से भाजपा ने यह कदम उठाया है। जाट समाज में सहेंद्र भाजपा के मजबूत समीकरण बन सकते हैं।

यूं तो राज्यसभा चुनाव के दौरान ही छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह भाजपा के संपर्क में आ गए थे। तब क्रास वोटिंग के चलते सहेंद्र की भूमिका पर बसपा प्रमुख मायावती ने सवाल उठाया था। इसके तत्काल बाद ही रालोद प्रमुख चौधरी अजित सिंह ने सहेंद्र को निलंबित करने की घोषणा की। उधर, सहेंद्र ने भी अजित सिंह पर गंभीर आरोप लगाये। निलंबन के बाद सहेंद्र सक्रिय तो रहे लेकिन, उन्होंने अपना पत्ता नहीं खोला। कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा उपचुनाव घोषित होते ही भाजपा ने समारोह पूर्वक उन्हें पार्टी में शामिल कराया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा भी कि उनके आने से पश्चिम में हमें मजबूती मिलेगी। ध्यान रहे कि कैराना में पिछड़ी जातियों में गुर्जरों की संख्या बहुत है लेकिन जाटों की भी अच्छी तादाद है। नूरपुर में भी जाट वोटों को लुभाने में सहेंद्र कारगर होंगे। सहेंद्र के साथ वेदौली के ब्लाक प्रमुख प्रहलाद सिंह और छपरौली के ब्लाक प्रमुख संजीव सिंह के भाजपा में शामिल होने को उनके प्रभाव से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके साथ भाजपा मुख्यालय में तीस ग्राम प्रधान भी आये थे।

 

देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट 

हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :

कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:

हमारा ऐप डाउनलोड करें :

हमें ईमेल करें : [email protected]

Related Articles

Back to top button