24 घंटे 3 विंबडलन: पेस ने जीता मिक्स्ड डबल्स, सुमित जूनियर डबल्स चैंपियन

लंदन। भारत के लिए इस साल का विंबलडन बेहद खास रहा है। इंडियन प्लेयर्स ने 24 घंटे में विंबलडन के तीन टाइटल जीते। रविवार को भारत के लिएंडर पेस और स्विटजरलैंड की मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने विंबलडन के मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीत लिया। इस दिन को और खास बनाया सुमित नागल ने। 17 साल के सुमित नागल इस टूर्नामेंट के जूनियर डबल्स चैंपियन बने। इसके पहले सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने शनिवार को वुमंस डबल्स का टाइटल जीता था। 42 साल के पेस विंबलडन का यह टाइटल जीतने वाले सबसे उम्रदराज प्लेयर हैं।
लिएंडर पेस और मार्टिना हिंगिस की इंडो-स्विस जोड़ी ने फाइनल में ऑस्ट्रिया के अलेक्जेंडर पेया व हंगरी की तिमेया बाबोस को 6-1, 6-1 से हराया। यह मैच केवल 40 मिनट चला। मिक्स्ड डबल्स में पेस का यह 8वां ग्रैंडस्लैम खिताब है। मेंस डबल्स में भी वे 8 ग्रैंडस्लैम जीत चुके हैं।
सुमित ने जीता विंबलडन का जूनियर डबल्स खिताब
विंबलडन में रविवार को भारत को एक और टेनिस स्टार मिल गया है। 17 साल के सुमित नागल इस टूर्नामेंट के जूनियर डबल्स चैंपियन बन गए हैं। उन्होंने वियतनाम के नाम हुआंग लाई के साथ मिलकर यह खिताब जीता। सुमित-हुआंग ने फाइनल में अमेरिका के रीली ओपेल्का और जापान के अकिरा सैंतिलान को 7-6 (7-4), 6-4 से हराया। यह मैच 63 मिनट में ही खत्म हो गया। सुमित नागल, युकी भांबरी के बाद जूनियर ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले पहले और कुल छठे भारतीय हैं। भांबरी ने 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था।
विंबलडन के बादशाह बने जोकोविच
टॉप सीड नोवाक जोकोविच ने विंबलडन का खिताब तीसरी बार जीत लिया है। उन्होंने 18वें ग्रैंडस्लैम खिताब की तलाश में उतरे रोजर फेडरर को हराकर यह टूर्नामेंट जीता। सर्बियाई खिलाड़ी का यह नौवां ग्रैंडस्लैम टाइटल है। इनमें पांच ऑस्ट्रेलियन और एक यूएस ओपन भी शामिल है। जोकोविच ने रविवार को फेडरर को 7-6(7-1), 6-7 (10-12), 6-4, 6-3 से हराया। यह मैच 2 घंटे 56 मिनट तक चला।
इंडियन टेनिस स्टार लिएंडर के बारे में और कुछ खास
* पेस के 16 ग्रैंडस्लैम में से 8 मिक्स्ड डबल्स और 8 मेंस डबल्स का है। इनमें 5 विंबलडन, 4-4 यूएस व ऑस्ट्रेलियन ओपन और तीन फ्रेंच ओपन खिताब हैं।
* 2003 में विंबलडन जीतने के बाद पेस को ब्रेन ट्यूमर हो गया। तब डॉक्टरों ने कहा था कि पेस की सिर्फ छह महीने की जिंदगी बची है।
* पेस चार जेनरेशन के साथ खेल चुके हैं। शुरुआत की तो जॉन मैकनरो, पीट संप्रास, आंद्रे आगासी थे। अब जोकोविक का जमाना है।
* पेस के पास 61 घड़ियां हैं। पहली जीत पर पिता ने मिकी माउस घड़ी दी थी। तब से हर टूर्नामेंट से पहले एक घड़ी चुनते हैं। जीतते ही खरीद लेते हैं।
* पेस अब तक 124 खिलाड़ियों के साथ जोड़ी बना चुके हैं। इनमें से 100 पुरुष डबल्स और 24 मिक्स्ड डबल्स में पार्टनर रही हैं।
* पेस ने मार्टिना हिंगिस के साथ एलेक्जेंडर-टिमिया की जोड़ी को हराया। पेस-हिंगिस का इस साल यह दूसरा ग्रैंडस्लैम है।
देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट
हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :
हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :
कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:
हमें ईमेल करें : [email protected]