अफ्रीकी देशों को 60 करोड़ डॉलर की मदद देगा भारत
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित भारत-अफ्रीका सम्मेलन में अफ्रीका के 54 राष्ट्राध्यक्षों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत-अफ्रीका के बीच सांस्कृतिक समानताओं का जिक्र करते हुए दोनों की चुनौतियों में समानता की बात कही।
मोदी ने कहा कि दोनों देशों के युवा हमारी ताकत हैं। दोनों ही समुदाय स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान दे सकते हैं, जहां सौर ऊर्जा की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की एक अरब 25 करोड़ आबादी और एक अरब 25 करोड़ अफ्रीकियों का दिल एक साथ धड़कता है। इन देशों की दो तिहाई आबादी की आयु 35 साल से कम है। मोदी ने नाइजीरियन नोबल पुरस्कार विजेता लॉरेट सोयिंका का उद्धरण देते हुए कहा कि विकास की पूरी प्रक्रिया में मानव ही प्राथमिक पूंजी है।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन सालों में लगभग 25,000 अफ्रीकी युवाओं को भारत में शिक्षित और कौशल संपन्न किया गया। इसके अलावा उन्होंने अफ्रीकी देशों और बाकी दुनिया के बीच डिजिटल डिवाइड को दूर करने में सहयोग की प्रतिबद्धता भी जताई। मोदी ने कहा कि तकनीक का क्षेत्र भारत और अफ्रीकी देशों की साझेदारी को मजबूत करेगा।
मोदी ने अफ्रीका के लिए अगले पांच साल में रियायती ब्याज दर पर एक करोड़ डॉलर के ऋण की घोषणा की। साथ ही 60 करोड़ डॉलर (करीब 39 अरब रुपये) की अनुदान सहायता की भी पेशकश की, जिसमें 10 करोड़ डॉलर (6.5 अरब रुपये) का भारत-अफ्रीका विकास कोष और एक करोड़ डालर का भारत-अफ्रीका स्वास्थ्य कोष शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ‘जैसे ही शाम ढलने लगती है, करोड़ों भारतीयों और अफ्रीकी लोगों के घरों में अंधेरा छाने लगता है, हम उनके जीवन में रोशनी लाएंगे।’
प्रधानममंत्री ने भारत और अफ्रीकी देशों के कारोबारी रिश्तों पर बात करते हुए कहा मौजूदा समय में 34 अफ्रीकी देशों को भारत के बाजारों में बिना शुल्क पहुंच उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा भारत अफ्रीकी देशों के संसाधनों के मूल्य संवर्धन लिए भी लगातार प्रयासरत है।
वहीं आतंकवाद के मसले पर पीएम मोदी ने कहा कि अफ्रीकी देशों और भारत की सुरक्षागत चुनौतियां एक समान हैं, और आतंकवाद से दोनों को मिलकर लड़ना होगा। उन्होंने अफ्रीकी देशों से अपील की कि वे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों के लिए भारत का साथ दें।
देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट
हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :
हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :
कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:
हमें ईमेल करें : [email protected]