बिहार विधानसभा चुनाव: मुंबई में बसे बिहारियों को रिझाने में जुटी भाजपा

तहलका एक्सप्रेस, बेबाक राशिद सिद्दीकी
मुंबई। बिहार विधानसभा चुनाव के ऐलान के साथ ही भाजपा ने महाराष्ट्र सहित मुंबई में बसे बिहारियों को रिझाने की कवायद तेज कर दी है। इसके लिए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा मुंबई में डटे हुए हैं। वे यहां तीन दिनों तक बिहार वासियों से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में शर्मा ने बिहार में भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने जेडीयू और आरजेडी के साथ कांग्रेस पर निशाना साधा। जेडीयू और आरजेडी के गठजोड़ को अनैतिक गठबंधन बताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चेले हैं। जेपी के दोनों चेलों ने कांग्रेस के साथ मिलकर महागठबंधन बनाया है। लेकिन उनका सपना साकार नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि नीतीश और लालू ने मिलकर जनता परिवार को एकजुट किया है। लेकिन वहां पर केवल परिवार ही बचा है। क्योंकि जनता भाजपा के साथ नजर आ रही है।
मुंबई में पार्टी द्वारा बिहारियों को अपने पाले में करने को लेकर जारी प्रयास पर उन्होंने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर बिहार के लोग बसे हैं। लोग भले ही यहां पर रहते हों लेकिन उनका नाता बिहार से बना हुआ है। लोग बिहार में अपने सगे संबंधियों को पार्टी के मिशन और विकास की नीति के बारे में बताएंगे। इसका फायदा पार्टी को मिलेगा। इस दौरान शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के मुंबई में निवेशक सम्मेलन के आयोजन पर सवाल उठाया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले 85 हजार करोड़ रुपए के निवेश का दावा सूबे में किया था। उनको यह बताना चाहिए कि 85 हजार करोड़ रुपए का निवेश सूबे के किन-किन जनपदों में लगाया गया है। शर्मा ने दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 85 लाख का भी निवेश नहीं हो सका है। उन्होंने कि निवेशक सम्मेलन में टाटा और अंबानी जैसे उद्योग समूह नजर नहीं आए। सूबे की कानून व्यवस्था को देखकर वहां कोई निवेश करने के लिए तैयार नहीं हो रहा है। इसलिए मुख्यमंत्री को मुंबई आना पड़ा।
देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट
हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :
हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :
कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:
हमें ईमेल करें : [email protected]