विदर्भ में जोरदार बारिश, रात में भी हल्की फुहारें का जोर

तहलका एक्सप्रेस प्रतिनिधि, नागपुर। दो दिनों से पहुंच रही मेघों की खेप ने मंगलवार को पूरे दिन विदर्भ को एक सार भिगोया। सोमवार को रिमझिम फुहारों से शुरू हुई बरसात ने रात करीब 1 बजे जोर पकड़ लिया। तब से शुरू हुई बौछारें मंगलवार पूरे दिन जारी रही। रात में भी हल्की फुहारें जोर दिखाती रहीं। बादल इतने घने और काले थे कि सूर्य पूरे दिन नजर नहीं आए। दिन भर चली बरसात के कारण किंग्सवे मोहनी कांप्लेक्स के पास, नरेंद्र नगर पुलिया, रानी झांसीचौक, लोहापुल, प्रेम नगर पुलिया आदि अनेक क्षेत्रों में पानी जमा हो गया। रात से बरस रहे बादल दिन में भी शांत होने के मूड में नजर नहीं आए। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार रात 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक 30.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। जबकि सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक 37.4 मि.मी.वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को छत्तीसगढ़ पर बना कम दाब का क्षेत्र सरक कर मध्य प्रदेश तक आ गया। इसके प्रभाव से मानसून विदर्भ पर भी सशक्त बना रहा। इसके प्रभाव से मंगलवार को पूरे विदर्भ में सावन झूम के बरसा। बादलों के घिरे रहने से तापमान में मंगलवार को और भी कमी दर्ज की गई। इससे रात और दिन के तपमान में मात्र 1 डिग्री का फर्क ही बचा। हवाओं के चलने से पूरे दिन ठंड का अहसास बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। आद्र्रता चरम पर रही। अधिकतम 100 प्रतिशत व न्यूनतम 98 प्रतिशत दर्ज की गई।
अनुमान : मौसम विभाग के अनुसार, अभी भी कम दबा का क्षेत्र होशंगाबाद के पास सशक्त बना हुआ है। इसके पश्चिम की ओर बढऩे के आसार हैं। इसके प्रभाव से यह पूरा सप्ताह मेघों के घेरे में रह सकता है। बुधवार को भी फुहारें आती रहेंगी, लेकिन मंगलवार की अपेक्षा जोर कुछ कम रह सकता है। गुरुवार से हल्की फुहारों का ही जोर रहेगा। सप्ताहांत तक तापमान 30 डिग्री के आस पास पहुंचने के आसार हैं।
देश-विदेश की ताजा ख़बरों के लिए बस करें एक क्लिक और रहें अपडेट
हमारे यू-टयूब चैनल को सब्सक्राइब करें :
हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें :
कृपया हमें ट्विटर पर फॉलो करें:
हमें ईमेल करें : [email protected]